‘दो शहजादे’ तुष्टिकरण की राजनीति के लिए एक साथ आए हैं : PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि तुष्टीकरण की राजनीति के लिए ‘दो शहजादे’ एक साथ आए हैं।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर परोक्ष हमला करते हुए मोदी ने कहा, ‘‘क्या आप ‘दो लड़कों’ की फ्लॉप जोड़ी से विकास की उम्मीद कर सकते हैं।’’

मोदी ने यहां शाहजहांपुर और आसपास के लोकसभा क्षेत्रों के भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में यहां एक रैली को संबोधित किया।

उन्होंने कहा, ‘‘तुष्टीकरण की राजनीति ‘दो शहजादे’ के एक साथ आने का सबसे बड़ा कारण है।’’

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘यह चुनाव सिर्फ सांसद बनाने और सरकार बनाने भर का नहीं है। यह चुनाव… आपका एक-एक वोट सशक्त भारत के संकल्प को मजबूती देने की गारंटी है, और ये मोदी की गारंटी से भी ज्यादा आपके वोट की गारंटी है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इस बार आपका वोट… देश विरोधी मानसिकता वाले लोगों को एक बहुत कड़ा संदेश देने वाला है। आपका वोट ही है जो आतंकवाद को काबू में रखेगा और भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाएगा… इसलिए फिर एक बार मोदी सरकार।’’

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के लिए युवा, गरीब, किसान और नारीशक्ति… ये पहली प्राथमिकता हैं।

मोदी ने दावा किया कि उनकी सरकार ने चार करोड़ गरीबों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर दिए हैं, जिनमें से अधिकतर महिलाओं के नाम पर हैं। यही नहीं तीन करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य है।

उन्होंने कहा, ‘‘पहले लखनऊ-कानपुर में आए दिन आतंकी हमले होते थे, बम धमाके होते थे। इसके सिवा सपा-कांग्रेस वाले कुछ बता भी नहीं सकते थे, क्योंकि उन्होंने ऐसा कुछ काम ही नहीं किया, जिसका वो रिपोर्ट दे सकें।’’

आपको लूटने की कांग्रेस की साजिश के सामने मोदी दीवार बनकर खड़ा है: प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस पर अपना हमला तेज करते हुए कहा कि वह लोगों और उन्हें लूटने की कांग्रेस की योजनाओं के बीच दीवार बनकर खड़े हैं।

मध्य प्रदेश के मुरैना शहर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने दावा किया कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने अपनी मां इंदिरा गांधी की मृत्यु के बाद उनकी संपत्ति को सरकार के पास जाने से बचाने के लिए विरासत कर को समाप्त कर दिया था।

उन्होंने कहा कि इससे फायदा उठाने के बाद कांग्रेस अब इसे फिर से देश की जनता पर थोपना चाहती है।

मोदी ने आरोप लगाया कि अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो ‘विरासत कर’ के जरिए लोगों की उनके पूर्वजों द्वारा छोड़ी गई आधी से ज्यादा संपत्ति छीन लेगी।

राहुल गांधी ने बुधवार को टिप्पणी की थी कि जो लोग खुद को ‘देशभक्त’ कहते हैं, वे जाति जनगणना के ‘एक्स-रे’ से डरते हैं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मोदी ने कहा कि कांग्रेस लोगों की संपत्तियों और कीमती सामानों का ‘एक्स-रे’ कराकर उनके आभूषण और छोटी बचत को जब्त करना चाहती है।

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस ने जो पाप किए हैं, उनके बारे में कान खोलकर सुनिए। मैं एक दिलचस्प तथ्य सामने रखना चाहता हूं। जब बहन इंदिरा गांधी का निधन हुआ तो एक कानून था जिसके तहत संपत्ति का आधा हिस्सा सरकार को मिलता था। उस समय ऐसी चर्चाएं थीं कि इंदिराजी ने अपनी संपत्ति अपने बेटे राजीव गांधी के नाम करने की वसीयत की हैं।’’

मोदी ने कहा, ‘‘सरकार के पास जाने वाले पैसे को बचाने के लिए तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने विरासत कर को खत्म कर दिया।’’उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब इस कर को और अधिक मजबूती से लागू करना चाहती है, क्योंकि उसकी चार पीढ़ियों ने उन्हें दी गई संपत्ति का लाभ उठाया है।

उन्होंने धन पुनर्वितरण के मुद्दे पर विवाद के बीच कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा की टिप्पणी पर चुटकी लेते हुए कहा कि विपक्षी पार्टी के ‘शहजादा’ (राहुल गांधी की ओर इशारा करते हुए) के एक सलाहकार ने अब विरासत कर लगाने का सुझाव दिया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जब तक भाजपा है, वह ऐसे मंसूबों को सफल नहीं होने देगी। उन्होंने कहा, ‘‘कड़ी मेहनत और कठिनाइयां सहकर आपने जो धन इकट्ठा किया है, वह कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार बनने पर आपसे लूट लिया जाएगा।’’

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘मोदी आपके और कांग्रेस की आपको लूटने की योजना के बीच दीवार बनकर खड़ा है।’’

उन्होंने वंशवाद की राजनीति का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा के लिए देश से बड़ा कुछ नहीं है, जबकि कांग्रेस के लिए उसका अपना परिवार प्रमुख मानदंड है।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘कांग्रेस अपने मुस्लिम वोट बैंक की खातिर एससी/एसटी/ओबीसी और दलितों का आरक्षण छीनना चाहती है।’’

प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर आरोप लगाते हुएकहा, ‘‘वह लोगों का भविष्य खराब करके धार्मिक तुष्टिकरण के जरिए सत्ता हथियाने पर आमादा है।’’

मोदी ने कहा, ‘‘कांग्रेस कहती है कि देश के संसाधनों पर पहला हक मुसलमानों का है जबकि मैं कह रहा हूं कि इस पर पहला हक गरीबों का है।’’ उन्होंने कांग्रेस को विकास विरोधी पार्टी करार देते हुए कहा कि इसने मध्य प्रदेश को देश के अन्य ‘बीमारू’ राज्यों की कतार में खड़ा कर दिया था।

उन्होंने कहा कि वर्षों तक कांग्रेस ने सशस्त्र बलों के लिए ‘वन रैंक वन पेंशन’ योजना की अनुमति नहीं दी, लेकिन ‘हमने यह किया’।

प्रधानमंत्री ने विपक्षी दल पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस कई वर्षों से आदिवासियों और पिछड़े वर्गों को उनके अधिकारों से वंचित करने की साजिश रच रही है। उन्होंने लोगों से सवाल किया,‘‘क्या आप पिछड़े वर्गों के अधिकारों को छीनने वालों का सफाया सुनिश्चित करेंगे?’’

मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार ने बिना किसी धार्मिक भेदभाव के 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मुहैया कराया। उन्होंने कहा, ‘‘क्या आपने कभी सुना है कि किसी को सिर्फ इसलिए मुफ्त राशन नहीं मिल रहा है क्योंकि वह मुस्लिम है?’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि जब संविधान का मसौदा तैयार किया गया था तब यह तय किया गया था कि देश की एकता और अखंडता के लिए धार्मिक आधार पर आरक्षण नहीं दिया जाएगा।

उन्होंने कहा,‘‘संविधान के मुख्य निर्माता बाबासाहेब आंबेडकर धार्मिक आधार पर आरक्षण के खिलाफ थे, लेकिन कांग्रेस ने इसे पिछले दरवाजे से दिया और उनकी पीठ में ‘‘छुरा घोंप’’ दिया।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि उसने कर्नाटक में कई मुसलमानों को अवैध रूप से ओबीसी सूची में डाल दिया।

उन्होंने कहा कि इसने रातों-रात उन्हें ओबीसी घोषित करने और उन्हें शिक्षा और सरकारी नौकरियों में गोपनीय तरीके से आरक्षण देने के लिए दस्तावेज पर हस्ताक्षर कर दिए।

प्रधानमंत्री ने दावा किया कि मुसलमानों को आरक्षण गैरकानूनी और संविधान के खिलाफ है। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस की यह कार्रवाई पूरे देश के ओबीसी समुदाय के लिए खतरे की घंटी है।’’

सीमा सुरक्षा का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा, ‘‘हमने अपने जवानों से एक के जवाब में दस गोलियां चलाने को कहा है।’’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोगों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर किसी भी तरह कुर्सी पाने के लिए तरह-तरह के खेल, खेल रही है।

मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का घोषणापत्र नौकरियों और शिक्षा में धर्म आधारित आरक्षण की बात करता है और यह मुस्लिम लीग से प्रभावित है। उन्होंने कहा, ‘‘तेलंगाना के कांग्रेसी मुख्यमंत्री ने अभी कहा है कि वह मुसलमानों के लिए आरक्षण सुनिश्चित करेंगे।’’

मोदी ने कहा कि जब केंद्र में कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार बनी तो उसने सबसे पहले आंध्र प्रदेश में धर्म आधारित कोटा लागू किया। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस तब अपनी योजना में पूरी तरह सफल नहीं हुई थी, लेकिन वह अब भी वह खेल खेलना चाहती है।’’

अपनी पार्टी के मुरैना लोकसभा सीट के उम्मीदवार शिवमंगल सिंह तोमर के समर्थन में रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने ‘फिर एक बार भाजपा सरकार’ का नारा लगाया।

मुरैना लोकसभा सीट पर सात मई को मतदान होगा।

PM मोदी ने महावीर जयंती पर लोगों को शुभकामनाएं दीं

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को महावीर जयंती पर लोगों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि भगवान महावीर का शांति एवं सद्भावना का संदेश ‘विकसित भारत’ के निर्माण में देश के लिए प्रेरणा है।

जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर के जन्मदिन के अवसर पर महावीर जयंती मनाई जाती है।

मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘महावीर जयंती के पावन अवसर पर देश के समस्त परिवारजनों को मेरी अनंत शुभकामनाएं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘शांति, संयम और सद्भावना से जुड़े भगवान महावीर के संदेश विकसित भारत के निर्माण में देश के लिए प्रेरणापुंज हैं।’’

राजग सरकार के 10 वर्ष का काम केवल एक ट्रेलर है, अभी बहुत कुछ किया जाना बाकी है : प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोकसभा चुनाव के वास्ते भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत गठबंधन के लिए केरल से समर्थन जुटाने की कवायद में सोमवार को कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के पिछले दशक में जो काम हुआ है वह महज एक ट्रेलर है और इस दक्षिण राज्य तथा देश की प्रगति के लिए अभी बहुत कुछ किया जाना बाकी है।

नजदीकी कुन्नामकुलम में राजग द्वारा आयोजित एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मोदी ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधा जो अभी लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार के वास्ते केरल में हैं। उन्होंने कांग्रेस नेता पर उत्तर प्रदेश में अपने परिवार की सीट न बचा पाने और करुवन्नूर बैंक घोटाले पर चुप रहने का आरोप लगाया।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘‘पिछले 10 वर्ष में जो हुआ है वह महज ट्रेलर है क्योंकि केरल तथा भारत के लिए और बहुत कुछ किया जाना बाकी है।’’

उन्होंने कहा कि यह केरल में प्रगति का साल होगा। उन्होंने भाजपा के चुनाव घोषणापत्र में किए गए विभिन्न वादों तथा विकास कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए इसे ‘मोदी की गारंटी’ बताया, जिसे रविवार को जारी किया गया था।

राहुल गांधी का नाम लिए बगैर मोदी ने अमेठी लोकसभा क्षेत्र के संदर्भ में कहा कि ‘‘कांग्रेस के युवराज’’ उत्तर प्रदेश में अपनी सीट सुरक्षित कर परिवार के गौरव की रक्षा करने में नाकाम रहे और वोट मांगने केरल में आए हैं। अमेठी सीट वर्षों तक कांग्रेस का गढ़ रही थी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता केरल के लोगों से वोट मांगेंगे लेकिन उनके हितों में अपनी आवाज नहीं उठाएंगे। उन्होंने कहा कि वह राज्य की सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) द्वारा नियंत्रित करुवन्नूर सहकारी बैंक में करोड़ों रुपये के घोटाले पर चुप हैं।

उन्होंने प्रतिबंधित पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) की राजनीतिक शाखा सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (एसडीपीआई) द्वारा लोकसभा चुनावों के लिए कांग्रेस को दिए समर्थन को लेकर भी पार्टी की आलोचना की।

प्रधानमंत्री मोदी ने दौसा में रोड शो शुरू किया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दौसा शहर में रोड शो कर रहे हैं।

रोड शो शुक्रवार शाम शुरू हुआ। मोदी एक खुली छत वाले वाहन में सवार रहे। उनके साथ दौसा से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी कन्हैयालाल मीणा एवं राज्य सरकार में मंत्री किरोड़ी लाल मीणा सवार हैं।

जानकारी के अनुसार यह रोड शो शहर के गांधी तिराहे से शुरू होकर गुप्तेश्वर सर्किल तक चलेगा।

उल्लेखनीय है कि मोदी ने इससे पहले बाड़मेर में चुनावी सभा को संबोधित किया।

PM मोदी ने जबलपुर में रोड शो के साथ मध्य प्रदेश में भाजपा के चुनाव प्रचार का किया आगाज

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को जबलपुर में रोड शो के साथ लोकसभा चुनाव के लिए मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रचार अभियान का आगाज किया।

प्रधानमंत्री के साथ मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, राज्य के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री राकेश सिंह और पार्टी के जबलपुर से लोकसभा उम्मीदवार आशीष दुबे भी मौजूद रहे।

रोड शो शाम करीब 6:30 बजे शहीद भगत सिंह चौराहे से शुरू हुआ और शाम 7:15 बजे यहां गोरखपुर इलाके में आदि शंकराचार्य चौराहे पर समाप्त हुआ।

लोकसभा चुनाव की घोषणा के बाद राज्य के अपने पहले दौरे पर आए प्रधानमंत्री मोदी, यादव और अन्य लोगों ने भाजपा का चुनाव चिह्न ‘कमल’ हाथ में ले रखा था। वे भगवा रंग के वाहन पर सवार होकर रोड शो कर रहे थे।

रोड शो के दौरान सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग कतार में खड़े थे और मोबाइल फोन से तस्वीरें खींचते और वीडियो बनाते देखे गए।

सड़क किनारे खड़े कई लोगों ने ‘मेरा घर मोदी का घर’ और ‘मेरा परिवार मोदी का परिवार’ की तख्तियां ले रखी थीं। भाजपा ने इस बात को रेखांकित करने के लिए एक अभियान शुरू किया है कि देश के लोग मोदी का परिवार में शामिल हैं। यह अभियान राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू यादव के उस बयान के बाद शुरू किया जिसमें उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री वंशवाद की राजनीति के बारे में बात करते हैं लेकिन उनका अपना कोई परिवार नहीं है।

आदिवासी समूहों ने रास्ते में कई नृत्य प्रस्तुत किए, जिनमें ‘बधाई नृत्य’ भी शामिल था, जो राज्य के बुंदेलखण्ड क्षेत्र का एक नृत्य रूप है और विवाह, प्रसूति और अन्य खुशी के अवसरों पर किया जाता है।

भाजपा के एक नेता ने बताया कि रोड शो गोरखपुर बाजार से गुजरने के दौरान मोदी पर फूलों की वर्षा करने के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी।

जबलपुर राज्य के महाकौशल क्षेत्र का हिस्सा है। इसी क्षेत्र के अंतर्गत छिंदवाड़ा आता है। छिंदवाड़ा एकमात्र लोकसभा सीट है जिस पर भाजपा को 2019 के चुनाव में हार मिली थी। मध्य प्रदेश की बाकी 28 सीट पर सत्तारूढ़ भाजपा ने जीत हासिल की थी।

लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 19 अप्रैल को सीधी, शहडोल (आरक्षित), मंडला (आरक्षित) और बालाघाट के साथ जबलपुर तथा छिंदवाड़ा में भी मतदान होगा।

कांग्रेस परिवारवादी एवं भ्रष्टाचारी पार्टी: प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उसे परिवारवादी एवं भ्रष्टाचारी पार्टी बताया और कहा कि कांग्रेस जहां रहती है वहां विकास हो ही नहीं सकता।

मोदी ने कहा कि जिस तेज रफ्तार से देश का विकास होना चाहिए वह तेज रफ्तार सिर्फ और सिर्फ भाजपा ही दे सकती है।

प्रधानमंत्री पुष्कर-अजमेर में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा,‘‘कांग्रेस जहां रहती है वहां विकास हो ही नहीं सकता। कांग्रेस ने न कभी गरीबों की परवाह की और न ही कभी वंचितों, शोषितों एवं युवाओं के बारे में सोचा।’’

उन्होंने कहा,‘‘ कांग्रेस के लिए यही कहा जा सकता है- एक तो करेला, दूसरा नीम चढ़ा। एक तो परिवारवादी पार्टी और दूसरा उतना ही भ्रष्टाचारी पार्टी।’’

मोदी ने राजस्थान में कांग्रेस की पिछली सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा,‘‘कांग्रेस सरकार में राजस्थान को लेकर कैसे खबरें आती थीं? युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ वाली पेपर लीक की खबरें आए दिन पढ़ने को मिलती थीं। अपराधियों और माफियों के बेलगाम अपराध की खबरें.. बेटियों के साथ अत्याचार की खबरें, पानी की विकराल होती समस्या की खबरें। कांग्रेस सरकार में लूट की हिस्सेदारी को लेकर सिर-फुटव्वल की खबरें आया करती थीं। देश में राजस्थान की चर्चा केवल नकारात्मक कारणों से होने लगी थी।’’

प्रधानमंत्री मोदी ने तमिलनाडु के भाजपा कार्यकर्ताओं से की बातचीत

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को तमिलनाडु के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं से ‘नमो ऐप’ के जरिये बातचीत की और लोकसभा चुनाव को लेकर उनसे मतदान केंद्र स्तर के कार्यों के बारे में चर्चा की।

महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास पर सरकार के जोर का जिक्र करते हुए मोदी ने एक पार्टी कार्यकर्ता से उन योजनाओं के बारे में जानना चाहा, जो महिलाओं द्वारा सबसे ज्यादा पसंद की गईं और चर्चित रहीं। प्रधानमंत्री ने इस बात पर खुशी जताई कि पार्टी कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर काम कर रहे हैं।

तिरुवरूर की एक महिला प्रतिभागी ने विशेष रूप से प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (पीएमयूवाई) और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं के बारे में बात की। उन्होंने कहा कि वह और क्षेत्र के अन्य लोग खेतिहर मजदूर हैं और इन योजनाओं ने उन्हें अपना काम आसान बनाने में मदद की है।

प्रधानमंत्री मोदी ने भूटान के राजा से मुलाकात की

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भूटान की अपनी दो दिवसीय राजकीय यात्रा शुरू करते हुए शुक्रवार को यहां भूटान के नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक से मुलाकात की।

भूटान नरेश से मुलाकात से पहले मोदी का भव्य स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री मोदी ‘पड़ोस प्रथम’ की नीति के तहत भूटान के साथ भारत के अनूठे संबंधों को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर भूटान पहुंचे।

अपने आगमन के कुछ घंटों बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह खूबसूरत देश में ‘‘यादगार स्वागत’’ के लिए भूटानी लोगों के आभारी हैं। उन्होंने भारत-भूटान मित्रता के ‘‘नयी ऊंचाइयां छूते रहने’’ की आशा जताई।

मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, ‘‘मैं भूटान के लोगों, खासकर युवाओं का उनके खूबसूरत देश में यादगार स्वागत के लिए आभारी हूं।’’ उन्होंने भूटान के विभिन्न वर्गों के लोगों के साथ बातचीत की तस्वीरें भी साझा कीं।

विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि यह यात्रा भारत और भूटान के बीच नियमित रूप से होने वाली उच्चस्तरीय आदान-प्रदान की परंपरा और सरकार की ‘पड़ोस प्रथम’ की नीति पर जोर देने की कवायद के अनुरूप है।

प्रधानमंत्री मोदी आंध्र प्रदेश में 17 मार्च को राजग की चुनावी सभा में शामिल होंगे : विनोद तावडे

प्रधानमंत्री मोदी 17 मार्च को आंध्र प्रदेश के पलनाडु जिले में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)की चुनावी सभा में शामिल होंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावडे ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) सुप्रीमो एन. चंद्रबाबू नायडू और जनसेना पार्टी प्रमुख पवन कल्याण भी सभा में हिस्सा लेंगे। तावडे के मुताबिक 2024 के चुनावों के लिए आंध्र प्रदेश में राजग की यह पहली चुनावी सभा होगी।

जनसभा में 10 साल बाद गठबंधन के तीनों सहयोगी तेदेपा, जनसेना और भाजपा शामिल होंगे।

भाजपा के विजयवाड़ा कार्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए तावडे ने कहा, मोदी, नायडू और कल्याण लंबे समय के बाद एक ही मंच पर नजर आएंगे।

भाजपा नेता ने केंद्र सरकार द्वारा वित्त पोषित योजनाओं को कथित तौर पर नाम बदल मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी के नाम से प्रचारित करने का आरोप लगाते हुए राज्य में सत्तारूढ़ वाईएसआर कांग्रेस पार्टी पर हमला बोला। उन्होंने इसे धोखाधड़ी करार दिया।

तावडे के मुताबिक पलनाडु जिले के चिलकलुरिपेटा मंडल के बोप्पुडी गांव में होने वाली राजग की सभा के लिए, नायडू ने व्यवस्थाओं की देखरेख के लिए तेदेपा, जनसेना और भाजपा की समितियों का गठन किया है।

तेदेपा महासचिव नारा लोकेश, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के अचेन नायडू और अन्य नेताओं ने 13 मार्च को सभा स्थल का दौरा किया।

आंध्र प्रदेश के उंदावल्ली स्थित नायडू के आवास पर हुई लंबी चर्चा के बाद 11 मार्च को आंध्र प्रदेश राजग के सहयोगियों ने लोकसभा और राज्य चुनावों के लिए सीट-बंटवारे को अंतिम रूप दिया। इसके तहत भाजपा छह लोकसभा और 10 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि तेदेपा 17 संसदीय और 144 राज्य सीट पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। समझौते के तहत पवन कल्याण की जनसेना दो लोकसभा और 21 विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ेगी।

नायडू ने विधानसभा चुनाव के लिए 128 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है। जनसेना ने अब तक सात उम्मीदवारों की घोषणा की है और कल्याण स्वयं पीथापुरम निर्वाचन क्षेत्र से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। भाजपा ने अभी तक राज्य में होने वाले चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी नहीं की है।