कांग्रेस परिवारवादी एवं भ्रष्टाचारी पार्टी: प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उसे परिवारवादी एवं भ्रष्टाचारी पार्टी बताया और कहा कि कांग्रेस जहां रहती है वहां विकास हो ही नहीं सकता।

मोदी ने कहा कि जिस तेज रफ्तार से देश का विकास होना चाहिए वह तेज रफ्तार सिर्फ और सिर्फ भाजपा ही दे सकती है।

प्रधानमंत्री पुष्कर-अजमेर में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा,‘‘कांग्रेस जहां रहती है वहां विकास हो ही नहीं सकता। कांग्रेस ने न कभी गरीबों की परवाह की और न ही कभी वंचितों, शोषितों एवं युवाओं के बारे में सोचा।’’

उन्होंने कहा,‘‘ कांग्रेस के लिए यही कहा जा सकता है- एक तो करेला, दूसरा नीम चढ़ा। एक तो परिवारवादी पार्टी और दूसरा उतना ही भ्रष्टाचारी पार्टी।’’

मोदी ने राजस्थान में कांग्रेस की पिछली सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा,‘‘कांग्रेस सरकार में राजस्थान को लेकर कैसे खबरें आती थीं? युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ वाली पेपर लीक की खबरें आए दिन पढ़ने को मिलती थीं। अपराधियों और माफियों के बेलगाम अपराध की खबरें.. बेटियों के साथ अत्याचार की खबरें, पानी की विकराल होती समस्या की खबरें। कांग्रेस सरकार में लूट की हिस्सेदारी को लेकर सिर-फुटव्वल की खबरें आया करती थीं। देश में राजस्थान की चर्चा केवल नकारात्मक कारणों से होने लगी थी।’’

प्रधानमंत्री मोदी रविवार को मेरठ में रैली को संबोधित कर चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगे

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी लोकसभा चुनाव का कार्यक्रम घोषित होने के बाद उत्तर प्रदेश के मेरठ में रविवार को एक रैली संबोधित कर राज्‍य में चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक पदाधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि प्रधानमंत्री की इस रैली में मेरठ के अलावा बागपत, बिजनौर, मुजफ्फरनगर और कैराना लोकसभा क्षेत्रों के लोग भी शामिल होंगे। भाजपा मुख्यालय से प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता को प्रधानमंत्री की रैली के समन्वय की जिम्मेदारी दी गयी है।

चुनाव प्रबंधन में पार्टी में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं विधान परिषद सदस्य गोविंद नारायण शुक्ला ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘ प्रधानमंत्री की मेरठ रैली पश्चिमी उप्र में मील का पत्थर साबित होगी। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) इस बार राज्य की सभी 80 सीट पर जीत हासिल करेगा।’’

उत्तर प्रदेश में 80 सीट पर सभी सात चरणों में चुनाव होने हैं जिसकी शुरुआत पश्चिमी उप्र से हो रही है। पहले चरण के तहत बिजनौर, मुजफ्फरनगर और कैराना लोकसभा क्षेत्रों में 19 अप्रैल को मतदान होगा। हालांकि मेरठ और बागपत में दूसरे चरण में 26 अप्रैल को मतदान होगा।

मेरठ से भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अंकित चौधरी ने कहा, ‘‘ यह 2024 के चुनाव की पहली रैली है। कार्यकर्ताओं का सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री क्रांति धरा मेरठ से चुनावी अभियान की शुरुआत करने जा रहे हैं।’’

मेरठ के एक अधिकारी ने बताया कि मेरठ में 31 मार्च को प्रधानमंत्री की प्रस्तावित रैली के मद्देनजर सुरक्षा के लिए जिलाधिकारी दीपक मीणा ने दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 के तहत रैली स्थल के आठ किमी के दायरे में हवाई प्रदर्शन, ड्रोन, पतंग या गुब्बारे उड़ाना प्रतिबंधित कर दिया है।

जिलाधिकारी ने सभी थानाध्यक्षों को आदेश दिए हैं कि वह अपने क्षेत्रों में आदेशों का सख्ती से पालन कराएं।

मेरठ में भाजपा ने इस बार रामानंद सागर कृत धारावाहिक ‘रामायण’ में राम की भूमिका निभाने के बाद विख्यात हुए अभिनेता अरुण गोविल को अपना उम्मीदवार बनाया है।

एक राजनीतिक जानकार ने बताया, ‘‘ अयोध्या में भगवान श्रीरामलला की मूर्ति इसी वर्ष 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा करने के बाद मोदी राज्‍य में अपने चुनावी अभियान की शुरुआत भी अरुण गोविल के क्षेत्र से कर रहे हैं, जो राम की भूमिका निभाने के बाद पूरे देश में आदर के साथ पहचाने जाते हैं।’’

अरुण गोविल भी प्रधानमंत्री के मंच पर मौजूद रह सकते हैं।