CM सुक्खू ने कांग्रेस के बागी विधायकों को ‘काले सांप’ कहा

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी के छह “काले सांपों” ने अपना सम्मान बेच दिया और गरीबों के लिए कल्याणकारी योजनाओं वाले बजट पर मतदान से अनुपस्थित रहकर सरकार को अस्थिर करने की कोशिश की।

उन्होंने सोलन जिले के कसौली विधानसभा क्षेत्र के धर्मपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “जो लोग पैसों की खातिर अपना सम्मान बेच दें, वे अपने निर्वाचन क्षेत्र के लोगों की सेवा कैसे कर सकते हैं।”

उन्होंने कहा कि राजनीतिक जीवन में जो लोग अपनी उस पार्टी से विश्वासघात करते हैं जिसने उन्हें चुनाव लड़ने का मौका दिया, उन्हें “काले सांप” कहा जाता है।

सुक्खू ने कहा कि अगर किसी को अपनी गलती का एहसास है तो उसे माफ किया जा सकता है, लेकिन पहले इन विधायकों को उस ‘जेल’ से बाहर आना चाहिए जिसमें वे पिछले 72 घंटों से बंद हैं।

उन्होंने कहा, “जिन्होंने पार्टी को धोखा दिया और राज्य के लोगों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया, उन्हें भगवान भी माफ नहीं करेगा।”

मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश के उन छह कांग्रेस विधायकों के लिए यह टिप्पणी की जिन्होंने मंगलवार को राज्यसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार हर्ष महाजन के पक्ष में मतदान किया था।

सुक्खू ने भाजपा पर “भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने व कल्याणकारी योजनाएं शुरू करने” में उनकी सरकार के प्रदर्शन को लेकर नाराजगी जताने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, “मैं यहां राज्य के लोगों के लिए, अपने राज्य के विकास के लिए आया हूं, मैं आप सभी के लिए यहां हूं और अपने खिलाफ रची जा रही साजिशों से नहीं डरता।”

उन्होंने कहा, “मैं किसी भी कीमत पर राज्य की संपत्ति को लुटने नहीं दूंगा। मेरी जनता मेरी ताकत हैं और मैं अपनी आखिरी सांस तक उसकी सेवा करने के लिए बाध्य और प्रतिबद्ध हूं।”

सुक्खू ने नेता प्रतिपक्ष और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर सत्ता का भूखा होने का आरोप लगाया। उन्होंने एक बार फिर दावा किया कि चाहे कुछ भी हो जाए उनकी सरकार अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी।

मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी ने कहा कि कुछ लोगों ने धनबल से सरकार को अस्थिर करने का प्रयास किया, जो लोकतंत्र के लोकाचार के खिलाफ है।

उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने हिमाचल प्रदेश को शर्मसार किया गया है।

भाजपा ने CM सुक्खू सरकार से अपने कार्यकाल के दौरान किये गए कामकाज पर श्वेत पत्र जारी करने को कहा

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हिमाचल प्रदेश इकाई ने राज्य में सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार से अपने 10 महीने के कार्यकाल के दौरान किये गए कामकाज पर श्वेत पत्र जारी करने की मंगलवार को मांग की।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल ने यहां जारी एक बयान में कहा कि लोग कांग्रेस के चुनाव पूर्व वादों को पूरा किये जाने का अब भी इंतजार कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू और उनके मंत्रिमंडल को अपनी नाकामियों के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराने की आदत सी हो गई है। बिंदल ने कहा कि सुक्खू को नहीं भूलना चाहिए कि राज्य में भाजपा नहीं, बल्कि कांग्रेस सत्ता में है।

उन्होंने कहा, ‘‘आप निरंतर भाजपा को जिम्मेदार ठहरा कर और कोस कर बच नहीं सकते।’’

भाजपा नेता ने मांग की कि सुक्खू सरकार अपने 10 महीने के शासनकाल के दौरान किये गये कामकाज पर एक श्वेत पत्र जारी करे।

बिंदल ने कांग्रेस को उसके चुनाव पूर्व वादों की याद दिलाते हुए कहा, ‘‘आपने लोगों से कई सारे वादे किये थे और लोग इन गारंटियों को पूरा किये जाने का इंतजार कर रहे हैं।’’

भाजपा नेता ने कहा कि पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव से पहले, कांग्रेस ने राज्य में 18-60 वर्ष आयु वर्ग की सभी महिलाओं को ‘हर घर लक्ष्मी, नारी सम्मान निधि’ के तहत प्रति माह 1,500 रुपये देने का वादा किया था। उन्होंने कहा कि राज्य में करीब 22 लाख महिलाएं इसे पूरा किये जाने का इंतजार कर रही हैं।

उन्होंने कहा,‘‘आज विजयादशमी के अवसर पर, मुख्यमंत्री सुक्खू को महिलाओं को 1,500 रुपये देने का अपना वादा पूरा करना चाहिए।’’

बिंदल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने राज्य में केवल बेरोजगारी बढ़ाई है और इसने एक लाख लोगों को नौकरी देने के अपने वादे को पूरा करने के बजाय 10,000 लोगों को नौकरी से निकाल दिया।

हिमाचल प्रदेश : धर्मशाला में सरकारी इमारत पर खालिस्तान-समर्थक नारे लिखे मिले, मामला दर्ज

हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में जल शक्ति विभाग की इमारत की एक दीवार पर ‘खालिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लिखे मिले, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

कांगड़ा की पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि कुछ शरारती तत्वों ने ‘स्प्रे-पेंट’ से नारे लिखे और मंगलवार रात अधिकारियों को इसकी सूचना मिली।

उन्होंने बताया कि पुलिस की एक टीम ने मौके पर पहुंचकर दीवार को दोबारा रंगवाया।

अग्निहोत्री ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और नारे लिखने वालों का पता लगाने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

अधिकारियों ने बताया कि इस घटना ने चिंता बढ़ा दी है क्योंकि एक दिवसीय क्रिकेट विश्व कप 2023 के पांच मैच अक्टूबर में धर्मशाला में होने हैं और टीमों का शहर में आना शुरू हो गया है।