भाजपा ने CM सुक्खू सरकार से अपने कार्यकाल के दौरान किये गए कामकाज पर श्वेत पत्र जारी करने को कहा

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हिमाचल प्रदेश इकाई ने राज्य में सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार से अपने 10 महीने के कार्यकाल के दौरान किये गए कामकाज पर श्वेत पत्र जारी करने की मंगलवार को मांग की।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल ने यहां जारी एक बयान में कहा कि लोग कांग्रेस के चुनाव पूर्व वादों को पूरा किये जाने का अब भी इंतजार कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू और उनके मंत्रिमंडल को अपनी नाकामियों के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराने की आदत सी हो गई है। बिंदल ने कहा कि सुक्खू को नहीं भूलना चाहिए कि राज्य में भाजपा नहीं, बल्कि कांग्रेस सत्ता में है।

उन्होंने कहा, ‘‘आप निरंतर भाजपा को जिम्मेदार ठहरा कर और कोस कर बच नहीं सकते।’’

भाजपा नेता ने मांग की कि सुक्खू सरकार अपने 10 महीने के शासनकाल के दौरान किये गये कामकाज पर एक श्वेत पत्र जारी करे।

बिंदल ने कांग्रेस को उसके चुनाव पूर्व वादों की याद दिलाते हुए कहा, ‘‘आपने लोगों से कई सारे वादे किये थे और लोग इन गारंटियों को पूरा किये जाने का इंतजार कर रहे हैं।’’

भाजपा नेता ने कहा कि पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव से पहले, कांग्रेस ने राज्य में 18-60 वर्ष आयु वर्ग की सभी महिलाओं को ‘हर घर लक्ष्मी, नारी सम्मान निधि’ के तहत प्रति माह 1,500 रुपये देने का वादा किया था। उन्होंने कहा कि राज्य में करीब 22 लाख महिलाएं इसे पूरा किये जाने का इंतजार कर रही हैं।

उन्होंने कहा,‘‘आज विजयादशमी के अवसर पर, मुख्यमंत्री सुक्खू को महिलाओं को 1,500 रुपये देने का अपना वादा पूरा करना चाहिए।’’

बिंदल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने राज्य में केवल बेरोजगारी बढ़ाई है और इसने एक लाख लोगों को नौकरी देने के अपने वादे को पूरा करने के बजाय 10,000 लोगों को नौकरी से निकाल दिया।