कांग्रेस और वामपंथी दल ठग हैं, केरल को धोखा दिया: प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने केरल के सत्ताधारी वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और विपक्षी संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) को ‘ठग’ करार देते हुए शुक्रवार को कहा कि राज्य में दोनों एक-दूसरे का विरोधी होने का दिखावा करते हैं जबकि दिल्ली में गले मिलते हैं।

यहां एक रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि केरल के लोग इनकी सच्चाई समझ गए हैं और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पिछले चुनाव के दो अंकों के वोट प्रतिशत के मुकाबले आने वाले चुनावों में दो अंकों की सीटों तक पहुंचने से दूर नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘‘एलडीएफ और यूडीएफ विरोधी होने का दिखावा करते हैं, लेकिन दिल्ली में वे एक-दूसरे को ‘गले’ लगाते हैं! कांग्रेस और कम्युनिस्ट यहां एक-दूसरे को कोसते हैं लेकिन राष्ट्रीय राजधानी में गठबंधन करते हैं!’’

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस और लेफ्ट दोनों ठग हैं। उन्होंने केरल के लोगों को धोखा दिया है। लेकिन अब केरल के लोग, खासकर युवा और महिलाएं, हकीकत समझ रहे हैं।’’

जनसभा में मौजूद लोगों की भीड़ की ओर इशारा करते हुए मोदी ने कहा कि पथानामथिट्टा का उत्साह बता रहा है कि इस बार केरल में ‘कमल’ खिलने वाला है।

उन्होंने कहा, ‘‘पिछले चुनावों में केरल की जनता ने हमें दो अंकों के वोट प्रतिशत वाली पार्टी बनाया था। और अब, यहां दोहरे अंकों की सीटों से हमारा भाग्य दूर नहीं है!’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि केरल के लोग राज्य में शासन करने वाली भ्रष्ट और अक्षम सरकारों के कारण पीड़ित हैं और यहां की सरकारों ने रबर किसानों की दुर्दशा के प्रति आंखें मूंद ली हैं।

केरल में आम तौर पर एलडीएफ या यूडीएफ ही सत्ता पर काबिज होते रहे हैं। दक्षिण के इस राज्य में भाजपा का प्रदर्शन अब तक कोई खास नहीं रहा है। भाजपा यहां पैर जमाने के लिए लंबे समय से प्रयासरत है।

केरल में कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर भी उन्होंने एलडीएफ सरकार पर निशाना साधा और कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि राज्य में चर्च के पादरी भी सुरक्षित नहीं हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘कानून व्यवस्था की शर्मनाक स्थिति के कारण वे हिंसा का शिकार हो रहे हैं। इतना ही नहीं असंख्य कॉलेज कम्युनिस्टों का अड्डा बन गए हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘केरल में महिलाएं, युवा और समाज का हर तबका डर के साये में जी रहा है और राज्य में शासन करने वाले लोग चैन की नींद में सो रहे हैं।’’

प्रधानमंत्री ने दावा किया कि केरल को बचाने का एकमात्र ‘रामबाण इलाज’ कांग्रेस और एलडीएफ से छुटकारा पाना है।

उन्होंने कहा, ‘‘यह एकमात्र समाधान है जिसके माध्यम से केरल के लोगों को न्याय मिलेगा।’’

सरकारी योजनाओं का सबसे ज्यादा फायदा समाज के वंचित वर्ग को मिला: प्रधानमंत्री मोदी

 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कहा कि उनकी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का सबसे ज्यादा फायदा अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) जैसे वंचित वर्गों के लोगों को मिला है। उन्होंने कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारों पर वंचित वर्गों की उपेक्षा करने और देश की प्रगति में उनकी भूमिका की… Continue reading सरकारी योजनाओं का सबसे ज्यादा फायदा समाज के वंचित वर्ग को मिला: प्रधानमंत्री मोदी

भाजपा ने अरुणाचल की सभी 60 सीट के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की, खांडू मुक्तो से लड़ेंगे चुनाव

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अरुणाचल प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को सभी 60 सीट पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। मुख्यमंत्री पेमा खांडू एक बार फिर मुक्तो सीट से चुनाव लड़ेंगे।

भाजपा महासचिव अरुण सिंह की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि पिछले दिनों हुई केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में सभी 60 सीट के लिए उम्मीदवारों के नामों को हरी झंडी दी गई।

केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा सहित अन्य नेताओं ने हिस्सा लिया था।

सूची के मुताबिक पार्टी ने चार महिलाओं को उम्मीदवार बनाया है। शेरिंग लामू को लूमला, न्याबी जिनी दिरची को बसार, दासांग्लू पुल को हायूलियांग और चकत अबोह को खोंसा पश्चिम सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।

पार्टी ने राज्य सरकार के मंत्री फूरपा शेरिंग को दिरांग से टिकट दिया है।

साल 2019 के विधानसभा चुनाव में अरुणाचल प्रदेश की 60 सदस्यीय विधानसभा सीट में भाजपा को 41 पर जीत मिली थी। जनता दल (यूनाइटेड) को सात, नेशनल पीपल्स पार्टी (एनपीपी) को पांच, कांग्रेस को चार, पीपल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल (पीपीए) को एक और निर्दलीयों को दो सीट मिली थी।

जद(यू) के सभी सात विधायक और पीपीए विधायक बाद में भाजपा में शामिल हो गए थे।

राज्य में लोकसभा एवं विधानसभा के चुनाव साथ-साथ होने हैं।

मोदी सरकार का अगला प्रयास भारत को उच्च आय श्रेणी में लाना : किरेन रीजीजू

केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू ने बृहस्पतिवार को कहा कि अपने तीसरे कार्यकाल में नरेन्द्र मोदी सरकार का ध्यान भारत को उच्च आय श्रेणी में लाने पर होगा ताकि देश को दुनिया के विकसित राष्ट्रों में गिना जाये।

रीजीजू ने ‘पीटीआई-वीडियो’ सेवा के साथ साक्षात्कार में कहा कि भारत को दुनिया के विकसित देशों में गिने जाने के लिए प्रति व्यक्ति आय 18 हजार अमेरिकी डॉलर होने की आवश्यकता है और मोदी सरकार अपने तीसरे कार्यकाल में देश को उच्च आय वर्ग वाले देशों में लाने का प्रयास करेगी।

उन्होंने कहा कि कई मोर्चों पर पिछड़ने के बावजूद प्रधानमंत्री के ‘आक्रामक और प्रेरक’ नेतृत्व ने भारत को वैश्विक राष्ट्रों की मंडली में शामिल होने के एक और कदम नजदीक पहुंचा दिया है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता ने कहा, ”पूरी दुनिया भारत को एक अगुवा के रूप में देखती है, भले ही हम उच्च आय वाले देश नहीं हैं लेकिन हमारा दर्जा काफी हद तक बढ़ गया है।”

रीजीजू ने शौचालय, लोगों के लिए बैंक खाते, खाद्य सुरक्षा जैसी बुनियादी आवश्यकताओं को पूरा नहीं करने के लिए पिछली कांग्रेस सरकारों की आलोचना की।

उन्होंने कहा कि ये सभी योजनाएं अब मोदी सरकार द्वारा प्रदान की जा रही हैं।

उन्होंने कहा, ”एक तरफ भारत का कद वैश्विक समुदाय में बढ़ रहा है। वहीं दूसरी तरफ लोगों की बुनियादी जरूरतों को उनके दरवाजे पर पहुंचाया जा रहा है।”

उन्होंने कहा, ”कभी-कभी मैं सोचता हूं कि अगर हमारे पास 30 या 40 साल पहले नरेन्द्र मोदी जैसा कोई प्रधानमंत्री होता तो हम तीन दशक पहले लोगों की बुनियादी जरूरतें पूरी कर पाते और हम आज कुछ और बात कर रहे होते। ”

केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान मंत्री ने कहा कि लोगों की बुनियादी जरूरतें पूरी होने के बाद ही हम जीवन की गुणवत्ता जैसे मुद्दों पर बात कर सकते हैं।

उन्होंने कहा, ”मोदी सरकार ने दस वर्षों में वो काम किया, जो पिछले 60 वर्षों में कोई नहीं कर सका, खासकर कांग्रेस। पूरे देश में बैंकिंग सुविधा, 4जी नेटवर्क, भोजन, बैंक खाते, एलपीजी गैस, आपके घर पर लाइट बल्ब, सड़कें, राजमार्ग जैसी चीजें आम लोगों के ये सभी सपने अब हकीकत हैं।”

रीजीजू ने कहा, ”मुझे लगता है कि अगला कदम भारत को उच्च-आय श्रेणी में लाना होगा, जहां आप अपना जीवन स्तर बेहतर बनाने के लिए बहुत अधिक संसाधनों का सृजन करेंगे और कुल मिलाकर यह भारत की आय के स्तर को बढ़ाकर देश को अगले चरण में ले जाएगा क्योंकि हम आत्मनिर्भर भारत से विकसित भारत बनने के बारे में बात कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि भारत 2047 तक पूरी तरह से आत्मनिर्भर और विकसित देश होगा।

रीजीजू ने कहा, ”इसके लिए हमारी प्रति व्यक्ति आय कम से कम 18 हजार अमेरिकी डॉलर होनी चाहिए तभी हम एक अमीर और विकसित देश माने जाएंगे।”

उन्होंने कहा कि फिलहाल प्रति व्यक्ति आय 2,500 अमेरिकी डॉलर के आस-पास है।

उप्र में 80 लोकसभा सीट जीतने का लक्ष्य लेकर चल रही भाजपा ने मौजूदा सांसदों पर जताया भरोसा

लोकसभा चुनाव के लिए सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा 51 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा किये जाने के बाद उत्तर प्रदेश में आगामी चुनावी मुकाबले की राजनीतिक तस्वीर साफ होती जा रही है।

उत्तर प्रदेश में ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलाइंस’ (इंडिया) के प्रमुख घटक समाजवादी पार्टी (सपा) ने अब तक 31 सीटों पर अपनी उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। सपा ने वाराणसी सीट पर भी अपना उम्मीदवार उतारा था लेकिन बाद में ‘इंडिया’ गठबंधन के तहत सीटों के बंटवारे के कारण वह सीट कांग्रेस को दे दी गई है।

कांग्रेस ने अपने कार्यकर्ताओं द्वारा पूर्व पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी और मौजूदा राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को क्रमशः अमेठी और रायबरेली सीटों से मैदान में उतारने की मांग के बीच अभी तक अपने उम्मीदवारों की सूची जारी नहीं की है।

समझौते के मुताबिक सपा उत्तर प्रदेश की 80 में से 63 सीटों पर जबकि कांग्रेस बची हुई 17 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी।

रायबरेली, अमेठी और वाराणसी के अलावा जिन अन्य सीटों पर कांग्रेस चुनाव लड़ेगी उनमें कानपुर शहर, फतेहपुर सीकरी, बांसगांव, सहारनपुर, प्रयागराज, महराजगंज, अमरोहा, झांसी, बुलंदशहर, गाजियाबाद, मथुरा, सीतापुर, बाराबंकी और देवरिया शामिल हैं।

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी वर्तमान में रायबरेली से सांसद हैं जबकि राहुल गांधी 2019 के चुनाव में अपनी अमेठी सीट भाजपा नेता स्मृति ईरानी से हार गए थे।

केंद्र में लगातार तीसरी बार सत्ता बरकरार रखने का लक्ष्य रखते हुए भाजपा ने अपने मौजूदा सांसदों पर खासा भरोसा जताया है और वह राजनीतिक लिहाज से सबसे अहम माने जाने वाले राज्य उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटें जीतने के लक्ष्य पर काम कर रही है।

भाजपा की पहली सूची में उल्लेखनीय नामों में वाराणसी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लखनऊ से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मथुरा से हेमा मालिनी, खीरी से अजय मिश्रा टेनी, अमेठी से स्मृति ईरानी, ​​फैजाबाद (अयोध्या) से लल्लू सिंह और चंदौली से महेंद्र नाथ पांडे शामिल हैं।

भाजपा उम्मीदवारों की फेहरिस्त में शामिल नए शहरों में श्रावस्ती से साकेत मिश्रा, जौनपुर से कृपा शंकर सिंह और अंबेडकरनगर से रितेश पांडे शामिल हैं।

साकेत मिश्रा मौजूदा समय में विधान परिषद सदस्य हैं और वह श्री राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष और प्रधानमंत्री मोदी के पूर्व प्रमुख सचिव नृपेंद्र मिश्रा के बेटे हैं।

कृपा शंकर कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं। अंबेडकर नगर से मौजूदा सांसद रितेश पांडे ने हाल ही में बहुजन समाज पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थामा था।

पीलीभीत और सुल्तानपुर के लिए उम्मीदवारों की घोषणा अभी बाकी है। वर्तमान में पीलीभीत सीट से वरुण गांधी और सुल्तानपुर से उनकी मां मेनका गांधी भाजपा सांसद हैं।

प्रधानमंत्री मोदी लगातार तीसरी बार वाराणसी से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने 2014 और 2019 में पिछले दो चुनाव इसी सीट से क्रमश: 3.71 लाख और 4.79 लाख वोटों के बड़े अंतर से जीते थे।

इसके अलावा साल 2014 और 2019 के चुनावों में क्रमशः 2.72 लाख और 3.47 लाख वोटों के अंतर से जीतने के बाद राजनाथ सिंह तीसरी बार लखनऊ से फिर से चुनाव लड़ेंगे।

भाजपा ने खीरी सीट से सांसद केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी पर फिर भरोसा जताया है। मिश्रा तीन अक्टूबर 2021 को हुई हिंसा को लेकर विवादों में थे जिसमें उनके बेटे आशीष मिश्रा ने लखीमपुर खीरी में विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों पर कथित रूप से अपनी कार चढ़ा दी थी। मिश्रा ने पार्टी के लिए 2014 और 2019 में खीरी निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा चुनाव जीता था।

गांधी-नेहरू परिवार का सियासी गढ़ मानी जाने वाली अमेठी सीट पर भी भाजपा ने स्मृति ईरानी पर एक बार फिर भरोसा जताया है। ईरानी ने 2019 के चुनाव में तत्कालीन सांसद राहुल गांधी को 55,000 से अधिक मतों के अंतर से हराकर कांग्रेस को बड़ा झटका दिया था।

हालांकि, भाजपा ने अभी तक रायबरेली सीट से अपने उम्मीदवार का नाम घोषित नहीं किया है। ऐसी अटकलें हैं कि वह रायबरेली जिले की ऊंचाहार सीट से सपा विधायक मनोज कुमार पांडे को मैदान में उतार सकती है। पांडे ने हाल ही में राज्य विधानसभा में सपा के मुख्य सचेतक पद से इस्तीफा दे दिया था और राज्यसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में क्रॉस वोटिंग की थी।

सपा अब तक अपने उम्मीदवारों की तीन सूचियां जारी कर चुकी है और डिंपल यादव को मैनपुरी से जबकि शिवपाल यादव को बदायूं सीट से टिकट दिया गया है।

करहल सीट से विधायक सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी कन्नौज या आज़मगढ़ सीट से चुनाव लड़ सकते हैं।

पार्टी ने कैराना सीट से पूर्व सांसद तबस्सुम हसन की बेटी इकरा हसन को मौका दिया है, जबकि बरेली सीट से प्रवीण सिंह एरन और गाजीपुर सीट से अफजाल अंसारी को टिकट दिया है।

सपा की पहली सूची में संभल से सांसद शफीकुर रहमान बर्क का नाम भी शामिल है, जिनका हाल ही में निधन हो गया है। पार्टी को अब यहां नया उम्मीदवार घोषित करना होगा।

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने अभी तक अपने प्रत्याशियों की सूची घोषित नहीं की है।

साल 2019 के लोकसभा चुनाव में सपा और बसपा ने गठबंधन कर चुनाव लड़ा था। उस चुनाव में सपा को पांच और बसपा को 10 सीटें मिली थीं। भाजपा और उसके सहयोगी दलों को 64 सीटें हासिल हुई थीं।

भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन की दो दिवसीय बैठक शुरू

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अधिवेशन की दो दिवसीय बैठक शनिवार को राजधानी दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में आरंभ हुई।

बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा सहित केंद्रीय मंत्री, पार्टी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री, राज्यों के मंत्री, राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय पदाधिकारी, सांसद और विधायक सहित लगभग 11,500 प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।

भाजपा की पारंपरिक भगवा टोपी पहने प्रधानमंत्री मोदी, नड्डा, शाह और राजनाथ सिंह ने मंच पर भारत माता और पार्टी के विचारकों श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीन दयाल उपाध्याय की तस्वीरों पर पुष्प अर्पित किए।

इससे पहले, प्रधानमंत्री की मौजूदगी में पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक संपन्न हुई, जिसमें परिषद के एजेंडे को अंतिम रूप दिया गया।

राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने भाजपा के कार्यकर्ताओं से आगामी लोकसभा चुनाव में 370 सीट जीतने के लिए जी-जान से जुट जाने और इस लक्ष्य को हासिल कर पार्टी के विचारक श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि अर्पित करने को कहा।

मोदी ने कहा, “370 सीट हमारे लिए आंकड़ा नहीं है। यह श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान को श्रद्धांजलि होगी।”

उन्होंने कहा कि भाजपा की 370 लोकसभा सीटों पर जीत श्यामा प्रसाद मुखर्जी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी, जिन्होंने जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाने के लिए संघर्ष किया था।

प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं से इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए अगले सौ दिन तक जी-जान से जुट जाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि विपक्ष अगले चुनाव में ‘तू-तू, मैं-मैं’ की राजनीति करेगा लेकिन भाजपा को विकास और गरीब कल्याण के मुद्दे पर आगे बढ़ना है।

प्रधानमंत्री ने आगामी चुनाव में हर बूथ पर पिछले चुनाव के मुकाबले 370 वोट अधिक हासिल करने का लक्ष्य भी कार्यकर्ताओं के लिए निर्धारित किया।

परिषद की बैठक में हिस्सा लेने के लिए प्रधानमंत्री करीब 11 बजे भारत मंडपम पहुंचे जहां नड्डा सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया।

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल पहुंचते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने मोदी-मोदी के नारे लगाए। प्रधानमंत्री ने उनका अभिवादन किया और फिर विकसित भारत की अवधारणा पर आधारित ‘विकसित भारत’ प्रदर्शनी का मुआयना किया।

प्रतिनिधियों के लिए बैठक स्थल पर लगाई गई प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री मोदी के भारत को विकसित देश बनाने के दृष्टिकोण और उनकी सरकार द्वारा लोगों के कल्याण और देश की प्रगति के लिए किए गए कार्यों की झलक दिखाई गई है।

भाजपा अध्यक्ष नड्डा अधिवेशन के उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे जबकि प्रधानमंत्री मोदी समापन सत्र को संबोधित करेंगे।

देश को 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य के साथ काम कर रही है सरकार : भाजपा

अयोध्या के राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा से वहां की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने का दावा करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सदस्यों ने शुक्रवार को राज्यसभा में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार तोहफे बांटने में विश्वास नहीं करती बल्कि देश को 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य के साथ काम कर रही है।

भाजपा की कविता पाटीदार ने उच्च सदन में राष्ट्रपति अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पेश करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने देश की महिलाओं की किस्मत को संवारने के लिए विभिन्न योजनाओं को लागू किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत दस करोड़ से अधिक माताओं को उस धुएं से मुक्ति मिली जो उन्हें दमा जैसी बीमारी के कगार पर पहुंचा देता है।

उन्होंने कहा कि इस बार की गणतंत्र दिवस परेड भी नारी शक्ति को समर्पित की गयी थी। उन्होंने कहा कि आज देश की करीब दस करोड़ महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ गयी हैं।

भाजपा सदस्य ने ध्यान दिलाया कि अमृत काल की शुरुआत में बने नये संसद भवन में अपने जीवन को कर्म से गढ़ने वाली नारी शक्ति की परिचायिका राष्ट्रपति ने अपने अभिभाषण में सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ने अयोध्या में राम मंदिर में हुई प्राण प्रतिष्ठा के मनोभाव को ध्यान में रखते हुए सरकार के देश को विकसित बनाने के संकल्प को दोहराया जो रामराज्य की स्थापना की ओर एक कदम होगा।

पाटीदार जब अपनी बात रख रही थीं, उसी दौरान कांग्रेस के दिग्विजय सिंह ने व्यवस्था का प्रश्न उठाते हुए कहा कि राष्ट्रपति अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पेश करने के बाद उस पर सशोधन पेश किए जाते हैं। किंतु सभापति जगदीप धनखड़ ने उनकी आपत्ति को खारिज कर दिया।

भाजपा सदस्य पाटीदार ने सेना, कोविड संकट के समय टीका निर्माण तथा चंद्रयान अभियान सहित विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की बढ़ती भूमिका का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने नारी के अधिकारों में वृद्धि कर उनके सम्मान को बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि युवा, महिला, किसान एवं गरीब ऐसे चार वर्ग हैं जो सरकार की प्राथमिकताओं के केंद्र में हैं।

उन्होंने कहा कि आज गांवों में चार लाख किलोमीटर सड़कें बिछाने का काम हो या नये हवाई अड्डों का निर्माण या रेलवे पटरियों एवं बंदरगाह का निर्माण, सरकार हर क्षेत्र में तेजी से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात को बताने में खुशी होती है कि न केवल प्रधानमंत्री बल्कि उनके मंत्रिमंडल के कई सदस्य और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ओबीसी वर्ग से हैं और इसकी योजनाएं ओबीसी हितैषी हैं।

धन्यवाद प्रस्ताव का समर्थन करते हुए भाजपा के विवेक ठाकुर ने कहा कि देश ने देखा है कि चुनाव से पहले अंतरिम बजट में कई तोहफे दिये जाते थे किंतु मोदी सरकार ने 2047 तक देश को विकसित भारत बनाने का संकल्प कल पेश किए गए अपने अंतरिम बजट में व्यक्त किया है जिसकी रूपरेखा अगले पूर्ण बजट में पेश की जाएगी।

उन्होंने कहा कि एक समय भारत विश्व की पांच कमजोर अर्थव्यवस्था में से एक था, बैंकों की हालत खराब थी लेकिन आज देश विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश पिछले दस वर्ष में समृद्ध भारत बन गया है।

ठाकुर ने कहा कि आज भारत ऐसा ‘चमकता सितारा’ है जिसकी ओर विश्व अपनी हर समस्या के समाधान की तरफ देख रहा है। उन्होंने कहा कि आज के भारत पर ‘हमें गर्व और नाज’ है।

उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने देश को बांटने का भरपूर प्रयास किया किंतु चुनाव में जनता ने उनको सही जवाब दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का मानना है कि देश में चार ही जातियां..युवा, महिला, किसान और गरीब हैं तथा इनका विकास करने से देश का विकास अपने आप हो जाएगा।

ठाकुर ने किसानों के कल्याण के लिए ड्रोन दीदी, किसान सम्मान निधि और फसल बीमा योजना जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि फसलों की बिक्री के लिए ‘आनलाइन ट्रेडिंग’ शुरू की गयी है।