महिला नेताओं के खिलाफ अभद्र बयानबाजी जारी; कंगना, हेमा और ममता बन चुकी हैं निशाना

चुनाव आते ही महिला नेताओं के खिलाफ अभद्र बयानबाजी का सिलसिला शुरू हो जाता है। ऐसा ही कुछ 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान भी देखने को मिल रहा है, जिसमें भाजपा की चर्चित उम्मीदवारों-हेमा मालिनी व कंगना रनौत और तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी को निशाना बनाया जा चुका है।

कांग्रेस के नेता रणदीप सुरजेवाला ने बृहस्पतिवार को हेमा मालिनी के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी करके अपनी पार्टी और नेताओं को मुश्किल में डाल दिया, जिसके बाद राष्ट्रीय महिला आयोग तुरंत उनके खिलाफ निर्वाचन आयोग पहुंच गया।

पिछले महीने हरियाणा में एक रैली में की गई सुरजेवाला की टिप्पणी को लेकर बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया। भाजपा ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल कांग्रेस इस “निम्नस्तरीय, लैंगिक” टिप्पणी से एक नए निचले स्तर पर पहुंच गया है।

वहीं, सुरजेवाला ने कहा कि उन्होंने उसी वीडियो में यह भी कहा था कि हेमा मालिनी का बहुत सम्मान किया जाता है क्योंकि उन्होंने “धर्मेंद्र जी से शादी की है और वह हमारी बहू हैं।”

कई साल पहले, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रमुख लालू यादव ने हेमा मालिनी के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए दावा किया था कि वह बिहार की सड़कों को उनके गालों जितनी चिकनी बना देंगे।

महिला अधिकार कार्यकर्ता रंजना कुमारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “केवल प्रतिद्वंद्वी दलों के बीच नहीं, बल्कि राजनीतिक दलों के अंदर भी सभी महिला नेताओं को अपने पुरुष सहयोगियों से लैंगिक भेदभाव का सामना करना पड़ता है। आप किसी भी महिला नेता से पूछ सकते हैं और वह आपको यही बताएगी।”

दिल्ली विश्वविद्यालय के जीसस एंड मैरी कॉलेज में राजनीति विज्ञान की प्रोफेसर सुशीला रामास्वामी ने कहा कि आधुनिक समाज के लिए आवश्यक लैंगिक समानता और बहुलवाद “भारत में अभी भी नवजात व महत्वहीन हैं।”

उन्होंने कहा, “महिलाओं का प्रतिनिधित्व कई अन्य लोकतांत्रिक देशों की तुलना में बहुत कम है। वहां महिलाएं विशेषाधिकार प्राप्त और अच्छे परिवारों से हैं।”

सुरजेवाला से पहले, उनकी पार्टी के नेता सुप्रिया श्रीनेत और एच.एस. अहीर अपने सोशल मीडिया हैंडल पर रनौत व उनके निर्वाचन क्षेत्र मंडी को जोड़कर पोस्ट करने के लिए निशाने पर आ गए थे।

श्रीनेत ने यह कहते हुए आपत्तिजनक टिप्पणी हटा दी थी कि संबंधित पोस्ट उन्होंने नहीं किया था। इसके अलावा, कर्नाटक से कांग्रेस के विधायक शमनूर शिवशंकरप्पा ने भाजपा की गायत्री सिद्धेश्वरा के बारे में कहा कि वह केवल “खाना बनाने के लायक” हैं।

भाजपा के दिलीप घोष ने बनर्जी के वंश पर टिप्पणी के लिए माफी मांगी।

निर्वाचन आयोग ने श्रीनेत और घोष को नोटिस जारी किया, लेकिन ऐसा लगता है कि इस चुनावी मौसम के लिए इस तरह की टिप्पणियों के लिए पहले से तैयारी की गई थी।

यह एक दुर्भाग्यपूर्ण बात है कि भारतीय राजनीति में सोनिया गांधी, मायावती, ममता बनर्जी, स्मृति ईरानी, जयाप्रदा और प्रियंका गांधी वाद्रा जैसी दिग्गज हस्तियां किसी न किसी समय आपत्तिजनक लैंगिक टिप्पणी का निशाना बनीं।

समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान ने 2019 में भाजपा नेता जयाप्रदा के बारे में अभद्र टिप्पणी की थी।

उत्तर प्रदेश के रामपुर में एक रैली के दौरान खान ने कहा था, “मैं उन्हें (जयाप्रदा को) रामपुर लेकर आया। आपको उनका असली चेहरा पहचानने में 17 साल लग गए लेकिन मुझे 17 दिन में पता चल गया कि वह खाकी अंडरवियर पहनती हैं।”

भारतीय राजनीति में स्त्री द्वेष पर चर्चा करते हुए महिला अधिकार कार्यकर्ता रंजना कुमारी ने कहा कि “किसी महिला के शरीर पर टिप्पणी करके उसे नीचा दिखाना” एक आम मानसिकता है।

उन्होंने कहा कि हालांकि ऐसे मामलों में आरोपी महिलाएं अंततः माफी मांग लेती हैं, लेकिन पुरुष शायद ही कभी ऐसा करते हैं।

इसी तरह की घटनाएं 2019 के आम चुनाव के दौरान देखी गईं जब राजनीतिक दिग्गजों ने अपनी महिला प्रतिद्वंद्वियों के बारे में अभद्र टिप्पणी करके उन्हें निशाना बनाया।

तत्कालीन केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को “घूंघट” के पीछे रहने की सलाह दी थी। वहीं, भाजपा के एक अन्य नेता विनय कटियार ने कथित तौर पर पूछा था कि क्या कांग्रेस नेता सोनिया गांधी राहुल गांधी को सबूत दे पाएंगी कि उनके पिता राजीव गांधी थे।

कटियार ने प्रियंका गांधी वाद्रा को भी निशाना बनाते हुए कहा था कि “राजनीति में पहले ही बहुत ज्यादा खूबसूरत स्टार प्रचारक हैं।”

उसी वर्ष, अभिनेत्री से नेता बनीं उर्मिला मातोंडकर लैंगिक टिप्पणी का निशाना बनीं जब भाजपा के गोपाल शेट्टी ने कहा कि उन्हें उनके रंग-रूप के कारण टिकट दिया गया।

भाजपा के दयाशंकर सिंह ने 2016 में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की प्रमुख मायावती को “वेश्या से भी बदतर” कहा था। सिंह ने आरोप लगाया था कि मायावती ने पैसे लेकर टिकट बेचे थे।

पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के तत्कालीन उपाध्यक्ष सिंह की टिप्पणी के परिणामस्वरूप केशव प्रसाद मौर्य और अरुण जेटली जैसे भाजपा नेताओं को संसद में मायावती से माफी मांगनी पड़ी थी। 2022 में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने पर पुलिस ने कांग्रेस नेता अजय राय के खिलाफ मामला दर्ज किया था।

राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों पर लैंगिक और अपमानजनक टिप्पणियां करना कोई नयी बात नहीं है, लेकिन कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह अपनी ही पार्टी की नेता के बारे में अभद्र टिप्पणी करके निशाने पर आ गए थे।

साल 2013 में, सिंह ने मंदसौर की तत्कालीन सांसद मीनाक्षी नटराजन को “सौ टका टंच माल” कहा था, जिसके परिणामस्वरूप कई दलों ने उनकी तीखी आलोचना की थी।

रामास्वामी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “उचित शिक्षा, पालन-पोषण और जागरूकता की कमी के कारण पुरुष श्रेष्ठता की विकृत धारणा वास्तविक दुनिया में परिलक्षित नहीं होती। हमारे पास एक उदार राजनीतिक संरचना है लेकिन एक उदार समाज का विकास एक सतत प्रक्रिया है और इसमें समय लगेगा।”

PM मोदी भ्रष्टाचार खत्म करना चाहते हैं जबकि ‘इंडिया’ गठबंधन भ्रष्टाचारियों को बचाना चाहता है: J. P. Nadda

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष J. P. Nadda ने रविवार को आरोप लगाया कि जमानत पर रिहा या जेल में बंद ‘इंडिया’ गठबंधन के नेता भ्रष्ट लोगों को बचाने के लिए प्रयासरत हैं जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश से भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं।

नड्डा ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जैसे नेता जेल में हैं जबकि सोनिया गांधी और उनके बेटे राहुल गांधी सहित कांग्रेस नेता जमानत पर हैं।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मोदी विकास के पक्षधर हैं और भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए भी प्रतिबद्ध हैं।

यहां एक रैली को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कहते हैं कि मैं भ्रष्टाचार खत्म कर दूंगा, लेकिन ‘इंडिया’ गठबंधन के नेता कहते हैं भ्रष्ट लोगों को बचाओ। यही उनकी (विपक्ष की) कार्यशैली है। तमिलनाडु में द्रमुक और उसकी सहयोगी कांग्रेस भ्रष्ट है। वे सभी अपने परिवारों, वंशों और खुद को उनके भ्रष्टाचार से बचाने की कोशिश कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि देश भर में विपक्षी नेता परिवारवादी पार्टियों से हैं और अपने वंशवाद और परिवारवाद को बचाने की कोशिश कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए भ्रष्ट द्रमुक सरकार के तहत तमिलनाडु में विकास भी दांव पर है और लोगों को भ्रष्टाचार मुक्त भारत के लिए द्रमुक और उसके सहयोगियों को उखाड़ फेंकना चाहिए।’’

उन्होंने कहा कि यहां जो उत्साह, जोश और जीवंतता उन्होंने देखी उससे उन्हें विश्वास है कि लोग भाजपा उम्मीदवारों को संसद में भेजेंगे।

नड्डा ने द्रमुक और कांग्रेस पर तमिल संस्कृति, परंपरा और रीति-रिवाजों के खिलाफ जाने का आरोप लगाया और कहा कि इसका अंदाजा मोदी द्वारा संसद में सेंगोल की स्थापना से लगाया जा सकता है जब उन्होंने (द्रमुक और कांग्रेस) इसका विरोध किया था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इस लड़ाई में हम तमिल संस्कृति को पुनर्जीवित करने का प्रयास कर रहे हैं जबकि वे तमिल संस्कृति को नष्ट करने की कोशिश कर रहे हैं। आपको यह समझना चाहिए।’’

नड्डा ने दावा किया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने विकास के लिए ‘लंबी छलांग’ लगाई है और भारत, जो 2019 में दुनिया की 11 वीं आर्थिक शक्ति था, मोदी के नेतृत्व में पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया।

उन्होंने कहा कि जब वह तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे तो देश, दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।

नड्डा ने विभिन्न क्षेत्रों में भाजपा नीत सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि मोदी ने वंचित तबके पर ध्यान केंद्रित करके, महिलाओं और किसानों को सशक्त बनाकर और युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा कर भारत को मजबूत बनाया।

उन्होंने कहा, ‘‘मोदी के लिए तमिलनाडु बहुत खास है। उन्होंने राज्य को कर हस्तांतरण तीन गुना और केंद्र से अनुदान सहायता चार गुना बढ़ाया। उन्होंने स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे में सुधार के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (1,650 करोड़ रुपये के आवंटन के साथ) के तहत तमिलनाडु के लिए अधिक धनराशि का आवंटन सुनिश्चित किया, इसके अलावा ग्रामीण सड़कों के विकास के लिए 613 करोड़ रुपये, पेयजल के लिए 872 करोड़ रुपये, ग्रामीण विकास कार्यों के लिए 10,346 करोड़ रुपये आवंटित किए और राज्य के लिए रेलवे बजट को 7 गुना बढ़ा दिया।’’

नड्डा ने रैली में कहा, ‘‘एक तरफ हमारे पास देश और तमिलनाडु के लिए काम करने वाले प्रधानमंत्री हैं वहीं दूसरी तरफ आपके पास इंडिया गठबंधन है जो परिवार, वंशवाद बचाने के लिए काम कर रहा और केवल भ्रष्ट दलों का एक समूह है।’’

भोजपुरी सिनेमा को सत्यजीत रे और प्रकाश झा जैसे फिल्म निर्माताओं की जरूरत: मनोज तिवारी

अभिनेता से राजनेता बने सांसद मनोज तिवारी ने कहा है कि बदलते दौर में आगे बढ़ने के लिए भोजपुरी सिनेमा को सत्यजीत रे और प्रकाश झा जैसे संवेदनशील फिल्म निर्माताओं की जरूरत है।

पूर्व भोजपुरी स्टार एवं गायक तिवारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ मुख्यालय में एजेंसी के संपादकों के साथ बातचीत में कहा कि भारी लोकप्रियता के बावजूद भोजपुरी सिनेमा अब भी राष्ट्रीय स्तर पर नहीं पहुंच पाया है।

तिवारी ने कहा, ‘‘हमें भोजपुरी सिनेमा को आगे ले जाने के लिए कदम उठाने की जरूरत है और इसके लिए हमें प्रकाश झा, सत्यजीत रे साहब जैसे निर्देशकों की भी जरूरत है। हमारे पास बहुत दर्शक हैं, लेकिन हम अब भी उस स्तर तक नहीं पहुंच पाए हैं।’’

तिवारी ने ‘ससुरा बड़ा पैसावाला’, ‘दारोगा बाबू आई लव यू’ और ‘बंधन टूटे ना’ सहित 100 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया है।

PM मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना आपकी राष्ट्रीय जिम्मेदारी है: J. P. Nadda

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बृहस्पतिवार को उत्तराखंड की जनता से प्रदेश की सभी पांच लोकसभा सीट पर भाजपा को फिर जिताकर नरेन्द्र मोदी को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने और भारत को विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने में मदद करने की अपील की।

यहां प्रदेश में अपनी पहली चुनावी सभा को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा, ‘‘देश प्रधानमंत्री के हाथों में सुरक्षित है, देश उनके नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है, उन्हें तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है। यह आपकी राष्ट्रीय जिम्मेदारी है।’’

नड्डा ने कहा कि कोविड-19 की मार और रूस-यूक्रेन युद्ध के बावजूद ब्रिटेन को पीछे छोड़कर भारत विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। उन्होंने कहा, ‘‘अब आप तीसरी बार भी पांचों सीट पर भाजपा को जिताएंगे तो मोदी जी के नेतृत्व में भारत तीसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बन जाएगा।’’

उन्होंने कहा कि वर्तमान आम चुनाव में जनता को घोटालेबाजों और उन लोगों के बीच में चुनाव करना है जिन्होंने उनका दर्द समझा और उनके विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी ।

नड्डा ने कहा, ‘‘आपको चयन करना है। एक तरफ वे लोग हैं जिन्होंने उत्तराखंड के दर्द को समझा, उसे आगे बढ़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी, प्रदेश के युवाओं की आकांक्षाओं को पंख लगाए और महिलाओं को ताकत दी और दूसरी तरफ वे लोग हैं जिन्होंने दशकों तक आपके साथ धोखा किया, जिन्होंने घोटाले किए और आपको विनाश की तरफ धकेला।’

राजस्थान : पूर्व कांग्रेस सांसद पन्नू सहित कई नेता भाजपा में शामिल

गंगानगर से पूर्व कांग्रेस सांसद शंकर पन्नू सहित अनेक नेता बुधवार को यहां भारतीय जनता पार्टी भाजपा में शामिल हो गए।

भाजपा के यहां प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व सांसद पन्नू, पूर्व विधायक जे पी चंदेलिया, नंदकिशोर महरिया और शिमला देवी के साथ विधानसभा चुनाव लड़ने वाले कई नेताओं ने भाजपा का दामन थामा।

पार्टी के बयान के अनुसार प्रदेश सह-प्रभारी विजया राहटकर, जॉइनिंग कमेटी के संयोजक अरूण चतुर्वेदी और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नारायण पंचारिया ने इन नेताओं को पार्टी में स्वागत किया।

इस अवसर पर राहटकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजय रथ को आगे बढ़ाने के लिए प्रदेश का हर वर्ग साथ है। उन्होंने कहा कि युवा, महिला, गरीब और किसान सभी वर्गों का प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों पर विश्वास है।

उल्लेखनीय है कि राजस्थान में लोकसभा चुनाव दो चरणों में 19 और 26 अप्रैल को होंगे।

अरुणाचल प्रदेश में अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी स्टार प्रचारकों में शामिल

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उनके कैबिनेट सहयोगी राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, सर्बानंद सोनोवाल और पीयूष गोयल लोकसभा और अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा के स्टार प्रचारक होंगे। पार्टी के एक नेता ने यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा का नाम भी स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल है।

अरुणाचल प्रदेश में 19 अप्रैल को दो लोकसभा सीटों और 60 विधानसभा सीटों के लिए एक साथ मतदान होगा।

पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष टी. तारक ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि गृह मंत्री अमित शाह छह अप्रैल को पश्चिम सियांग जिले के आलो में एक चुनावी रैली को संबोधित कर सकते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘रैली की तारीख के बारे में पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व अंतिम निर्णय लेगा और फिलहाल पार्टी ने राज्य में प्रचार के लिए पांच केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के नामों को मंजूरी दे दी है।’’

असम के मुख्यमंत्री शर्मा और राज्य के आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री अशोक सिंघल भी राज्य में पार्टी के लिए चुनाव प्रचार करेंगे।

नगालैंड के उपमुख्यमंत्री यानथुंगो पैटन और पर्यटन मंत्री तेमजेन इम्मा अलोंग भी भाजपा के स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल हैं।

अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बियूराम वाहगे के अलावा पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेता भी विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में पार्टी के लिए प्रचार करेंगे।

भाजपा के प्रदर्शन के चलते दिल्ली में आईटीओ पर यातायात प्रभावित

आबकारी नीति मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद उनके इस्तीफे की मांग करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा मंगलवार को यहां आईटीओ पर प्रदर्शन किये जाने के कारण यातायात प्रभावित रहा।

दिल्ली पुलिस ने कहा कि इस प्रदर्शन के कारण मध्य दिल्ली में भारी यातायात रहेगा।

पुलिस ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘बहादुर शाह जफर (बीएसजेड) मार्ग पर प्रदर्शन के मद्देनजर आईपी मार्ग, विकास मार्ग, मिंटो रोड और दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) मार्ग पर वाहनों की भीड़ रहेगी। बहादुरशाह जफर मार्ग बंद रहेगा। कृपया इन मार्गों पर जाने से बचें और इन बातों को ध्यान में रखकर अपनी यात्रा की योजना बनाएं।’’

भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल का इस्तीफा मांगते हुए मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया । केजरीवाल को आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में गिरफ्तार किया गया है।

भाजपा नेता और कार्यकर्ता फिरोज शाह कोटला स्टेडियम के पास इकट्ठा हुए। उन्होंने केजरीवाल एवं आम आदमी पार्टी के खिलाफ नारे लगाते हुए तथा उनकी सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए दिल्ली सचिवालय की ओर कूच किया।

लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए काम करते रहना चाहता हूं: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि वह छोटे से छोटे तरीके से भी लोगों की मदद करना और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए काम करते रहना चाहते हैं।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए साक्षात्कार में कहा कि रोजगार के अवसर सृजित करना और गरीबी खत्म करने के लक्ष्य के साथ नरेन्द्र मोदी सरकार काम कर रही है। गडकरी को भाजपा ने आगामी आम चुनाव के लिए नागपुर संसदीय क्षेत्र से लगातार तीसरी बार उम्मीदवार बनाया है।

नागपुर से भाजपा प्रत्याशी के तौर पर विभिन्न मुद्दों और अपनी योजनाओं के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, “मैं लोगों से मिलना जारी रखना चाहता हूं। मेरा मानना है कि सार्वजनिक जीवन में, लोगों से मिलना और छोटे से छोटे संभव तरीके से भी उनकी मदद करना जरूरी है। मैं स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्रों में काम करना जारी रखना चाहता हूं और यथासंभव समाज की सेवा करना चाहता हूं।”

उन्होंने कहा, “मैंने रोजगार सृजन, स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल संस्कृति के संदर्भ में अच्छे बुनियादी ढांचे के जरिये लोगों के समग्र विकास और उनके जीवन स्तर में सुधार में मदद करने की कोशिश की। मैंने इन मोर्चों पर प्रयास किए हैं…और भी बहुत कुछ करने की जरूरत है और मैं ऐसा करूंगा।”

सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री ने कहा कि अपने चुनाव अभियान के तहत वह हर घर, हर व्यक्ति और हर दिल तक पहुंचेंगे।

गडकरी ने कहा, “मैं पोस्टर, बैनर और प्रलोभन में विश्वास नहीं करता। मैं लोगों से मिलूंगा, उनसे बात करूंगा और उनका आशीर्वाद मांगूंगा। मैं लोगों के जीवन में बदलाव लाने के लिए काम करना जारी रखना चाहता हूं।”

गडकरी से पूछा गया कि उनके अनुसार किन क्षेत्रों में विकास की अपार संभावनाएं हैं तो उन्होंने कहा कि जल परिवहन, बंदरगाह, ब्रॉड गेज मेट्रो, बिजली पर बड़े पैमाने पर तीव्र परिवहन जैसे रोपवे, केबल कार, फनिक्युलर रेलवे और स्काई बस क्षेत्र में अपार अवसर हैं।

अयोध्या में राममंदिर में प्राणप्रतिष्ठा के साथ ही अब भारत में रामराज्य स्थापित होगा : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को कहा कि वे दिन दूर नहीं हैं, जब भारत में ‘रामराज्य’ स्थापित होगा और देश 2027 तक दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में से एक होगा।

सिंह ने नागरिकता (संशोधन) अधिनियम (सीएए) के लागू होने पर भाजपा को सांप्रदायिक बताने वालों पर भी निशाना साधा और यह सवाल किया कि पाकिस्तान में हिंदुओं की आबादी किन परिस्थितियों में लगभग 23 प्रतिशत से घटकर लगभग 3 प्रतिशत हो गई।

राज्य की राजधानी रांची से लगभग 160 किलोमीटर दूर इटखोरी में एक रैली को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा, ‘‘अयोध्या में मंदिर में प्राणप्रतिष्ठा के साथ ही अब भारत में रामराज्य की स्थापना होगी… रामलला टेंट से अपने महल में पहुंच गए हैं।”

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किए गए विकास कार्यों के दम पर भारत उनके नेतृत्व में ‘विश्वगुरु’ बनेगा और यह भगवान की इच्छा है कि वह न केवल तीसरी बार बल्कि चौथी बार भी प्रधानमंत्री बने रहें।”

उन्होंने सीएए पर कहा कि हिंदू, सिख, ईसाई और पारसियों सहित अल्पसंख्यक अफगानिस्तान, बांग्लादेश और पाकिस्तान जैसे देशों में धार्मिक उत्पीड़न का सामना कर रहे थे और शरण के लिए भारत आ रहे थे। उन्होंने कहा, “हमने उन्हें नागरिकता देने का फैसला किया…इसके लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सांप्रदायिक करार दिया गया।’’

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर निशाना साधते हुए सिंह ने कहा कि यह भारत के इतिहास में अभूतपूर्व घटना है कि एक मुख्यमंत्री ही लापता हो गया लेकिन अब वह भ्रष्टाचार के आरोप में सलाखों के पीछे हैं। सिंह ने कहा, ‘‘पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों के उलट भाजपा सरकार पर कोई भी भ्रष्टाचार को लेकर उंगली नहीं उठा सकता।’’

भाजपा के साथ सीट बंटवारे को अंतिम रूप दिया गया: चिराग पासवान

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ सीटों के बंटवारे के फार्मूले को अंतिम रूप दे दिया है।

पासवान ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा से मुलाकात के बाद यह घोषणा की।

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘राजग (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) के सदस्य के रूप में आज भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा जी के साथ बैठक में हमने आगामी लोकसभा चुनावों के लिए बिहार में सीट बंटवारे को अंतिम रूप दे दिया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘उचित समय आने पर इसकी जानकारी दी जाएगी।’’