अरुणाचल प्रदेश में अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी स्टार प्रचारकों में शामिल

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उनके कैबिनेट सहयोगी राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, सर्बानंद सोनोवाल और पीयूष गोयल लोकसभा और अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा के स्टार प्रचारक होंगे। पार्टी के एक नेता ने यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा का नाम भी स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल है।

अरुणाचल प्रदेश में 19 अप्रैल को दो लोकसभा सीटों और 60 विधानसभा सीटों के लिए एक साथ मतदान होगा।

पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष टी. तारक ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि गृह मंत्री अमित शाह छह अप्रैल को पश्चिम सियांग जिले के आलो में एक चुनावी रैली को संबोधित कर सकते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘रैली की तारीख के बारे में पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व अंतिम निर्णय लेगा और फिलहाल पार्टी ने राज्य में प्रचार के लिए पांच केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के नामों को मंजूरी दे दी है।’’

असम के मुख्यमंत्री शर्मा और राज्य के आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री अशोक सिंघल भी राज्य में पार्टी के लिए चुनाव प्रचार करेंगे।

नगालैंड के उपमुख्यमंत्री यानथुंगो पैटन और पर्यटन मंत्री तेमजेन इम्मा अलोंग भी भाजपा के स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल हैं।

अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बियूराम वाहगे के अलावा पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेता भी विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में पार्टी के लिए प्रचार करेंगे।

अयोध्या में राममंदिर में प्राणप्रतिष्ठा के साथ ही अब भारत में रामराज्य स्थापित होगा : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को कहा कि वे दिन दूर नहीं हैं, जब भारत में ‘रामराज्य’ स्थापित होगा और देश 2027 तक दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में से एक होगा।

सिंह ने नागरिकता (संशोधन) अधिनियम (सीएए) के लागू होने पर भाजपा को सांप्रदायिक बताने वालों पर भी निशाना साधा और यह सवाल किया कि पाकिस्तान में हिंदुओं की आबादी किन परिस्थितियों में लगभग 23 प्रतिशत से घटकर लगभग 3 प्रतिशत हो गई।

राज्य की राजधानी रांची से लगभग 160 किलोमीटर दूर इटखोरी में एक रैली को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा, ‘‘अयोध्या में मंदिर में प्राणप्रतिष्ठा के साथ ही अब भारत में रामराज्य की स्थापना होगी… रामलला टेंट से अपने महल में पहुंच गए हैं।”

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किए गए विकास कार्यों के दम पर भारत उनके नेतृत्व में ‘विश्वगुरु’ बनेगा और यह भगवान की इच्छा है कि वह न केवल तीसरी बार बल्कि चौथी बार भी प्रधानमंत्री बने रहें।”

उन्होंने सीएए पर कहा कि हिंदू, सिख, ईसाई और पारसियों सहित अल्पसंख्यक अफगानिस्तान, बांग्लादेश और पाकिस्तान जैसे देशों में धार्मिक उत्पीड़न का सामना कर रहे थे और शरण के लिए भारत आ रहे थे। उन्होंने कहा, “हमने उन्हें नागरिकता देने का फैसला किया…इसके लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सांप्रदायिक करार दिया गया।’’

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर निशाना साधते हुए सिंह ने कहा कि यह भारत के इतिहास में अभूतपूर्व घटना है कि एक मुख्यमंत्री ही लापता हो गया लेकिन अब वह भ्रष्टाचार के आरोप में सलाखों के पीछे हैं। सिंह ने कहा, ‘‘पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों के उलट भाजपा सरकार पर कोई भी भ्रष्टाचार को लेकर उंगली नहीं उठा सकता।’’