चेक बाउंस मामले में राजपाल यादव इन दिनों तिहाड़ जेल में बंद हैं। इसी बीच अब एक्ट्रेस अमीषा पटेल(Ameesha Patel) की कानूनी परेशानियां भी बढ़ती नजर आ रही हैं। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद की एक अदालत ने उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है। मामला साल 2017 का है, जिसमें अभिनेत्री पर धोखाधड़ी के आरोप लगाए गए हैं। अदालत के समन के बावजूद पेश न होने पर कोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए यह वारंट जारी किया।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, साल 2017 में एक शादी फंक्शन में परफॉर्मेंस देने के लिए अमीषा पटेल को 14.50 लाख रुपये देने की बात तय हुई थी। आरोप है कि उन्होंने 11 लाख रुपये एडवांस लिए, लेकिन फंक्शन में शामिल ही नहीं हुईं। फिर उनके खिलाफ शिकायत मुरादाबाद निवासी पवन कुमार वर्मा ने दर्ज कराई थी, जो ‘ड्रीम विजन’ नाम की इवेंट मैनेजमेंट कंपनी को चलाता है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि शादी में परफॉर्म करने के लिए अमीषा को इनवाइट किया गया था। वहीं, फंक्शन के दौरान एक्ट्रेस दिल्ली पहुंचीं और सब शुरु होने से पहले फंक्शन अटेंड करने के लिए एक्सट्रा में 2 लाख रुपये की मांग की। जब प्रोग्राम के आयोजक ने वो पैसे देने से मना किया तो वह बिना किसी खबर के वहां से लौट गईं । आरोप है कि उन्होंने एडवांस के तौर पर दिए गए 11 लाख रुपये भी वापस नहीं किए गए।
किन धाराओं के तहत दर्ज केस ?
पवन कुमार ने इस मामले में अमीषा पटेल के अलावा सुरेश कुमार, राजकुमार गोस्वामी और अहमद शरीफ को भी आरोपी बनाया है। एक्ट्रेस के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराएं 120B, 406, 420, 504 और 506 के तहत मुकदमा दर्ज है। बताया जाता है कि अमीषा की ओर से 2 लाख रुपये का एक चेक दिया गया था, जो बाउंस हो गया। अदालत ने उन्हें 2026 में व्यक्तिगत रूप से पेश होने का निर्देश दिया था, लेकिन अनुपस्थित रहने पर अब गैर-जमानती वारंट जारी किया गया है।