प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गाजा में शांति के लिए हुए ऐतिहासिक समझौते पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को बधाई दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ अपनी बातचीत के बारे में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में लिखा – “अपने मित्र राष्ट्रपति ट्रंप से बात की और ऐतिहासिक गाजा शांति योजना की सफलता पर उन्हें बधाई दी.” PM मोदी ने इस पोस्ट में आगे लिखा कि व्यापार वार्ता में हुई अच्छी प्रगति की भी समीक्षा की गई और आने वाले हफ्तों में निकट संपर्क में रहने पर सहमति बनी।
इससे पहले, PM मोदी ने गुरुवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पश्चिम एशिया के लिए शांति योजना के पहले चरण पर हुए समझौते का स्वागत किया, जिसके तहत इज़राइल और हमास ने गाजा में लड़ाई बंद करने का फैसला किया है। मोदी ने कहा कि यह समझौता इज़राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के मजबूत नेतृत्व को भी दर्शाता है।
PM मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘X’ पर लिखा, ‘‘हम राष्ट्रपति ट्रंप की शांति योजना के पहले चरण पर हुए समझौते का स्वागत करते हैं, यह प्रधानमंत्री नेतन्याहू के मजबूत नेतृत्व का भी प्रतिबिंब है” उन्होंने आगे कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि बंधकों की रिहाई और गाजा के लोगों को मानवीय सहायता पहुंचने से उन्हें राहत मिलेगी तथा स्थायी शांति का मार्ग प्रशस्त होगा।”
दो साल से जारी युद्ध रुकेगा
ट्रम्प प्रशासन की मध्यस्थता में हुए एक समझौते के तहत इज़राइल और हमास गाजा में लड़ाई रोकने और कुछ बंधकों और कैदियों को रिहा करने पर सहमत हो गए हैं। यह समझौता दो साल से चल रहे विनाशकारी युद्ध में हाल के महीनों की सबसे बड़ी सफलता है।
