देश के कई हिस्सों में बम की झूठी खबरें फैलाकर दहशत पैदा करने वाले एक आरोपी को दिल्ली पुलिस ने मैसूर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान 47 वर्षीय श्रीनिवास उर्फ लुईस के रूप में हुई है, जो बेंगलुरु का रहने वाला है।
सैकड़ों धमकी भरे ईमेल भेजे
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने दिल्ली, कर्नाटक समेत कई राज्यों के स्कूलों, अदालतों और अन्य संस्थानों को बड़ी संख्या में फर्जी बम धमकी वाले ईमेल भेजे थे। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह एक ही ईमेल के जरिए कई संस्थानों को टैग करता था और अब तक करीब 900 से 1000 धमकियां भेज चुका है।
मानसिक तनाव में उठाया कदम
पुलिस के अनुसार, आरोपी मानसिक तनाव से गुजर रहा था और इसी कारण उसने इस तरह की हरकत की। उसकी गतिविधियों के चलते कई जगहों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था और सुरक्षा एजेंसियों को बार-बार जांच करनी पड़ी।
दिल्ली हाई कोर्ट से शुरू हुई जांच
मामले की शुरुआत तब हुई जब दिल्ली हाई कोर्ट को भी एक फर्जी बम धमकी मिली। इस पर एक न्यायाधीश की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। इसके बाद साइबर टीम ने आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर उसे पकड़ने के लिए ऑपरेशन चलाया।
मैसूर से आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली जिले के साइबर पुलिस स्टेशन की टीम मैसूर पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी के घर पर छापा मारा। वहां से एक लैपटॉप और कई सिम कार्ड बरामद किए गए, जिनका इस्तेमाल धमकी भरे ईमेल भेजने में किया जा रहा था। बता दें कि आरोपी अविवाहित है और अपनी मां के साथ किराए के मकान में रहता है। वह पोस्ट ग्रेजुएट है, लेकिन फिलहाल बेरोजगार है। उसकी मां, जो रिटायर्ड सरकारी कर्मचारी हैं, परिवार की एकमात्र कमाने वाली सदस्य हैं।
Read More
घर में फिर गूंजी बच्चे की किलकारी, 40 की उम्र में सोनम कपूर दूसरी बार बनी मां, बेटे को दिया जन्म…

