जम्मू-कश्मीर में पेट्रोल पंपों पर लग रही लंबी कतारों को लेकर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे पेट्रोल पंपों के बाहर अनावश्यक भीड़ न लगाएं और अफवाहों के आधार पर ईंधन जमा करने से बचें।
तेल और गैस की कोई कमी नहीं
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने साफ किया कि राज्य में पेट्रोल, डीजल या एलपीजी की कोई कमी नहीं है। हाल ही में हुई समीक्षा बैठक में भी यह पुष्टि हुई थी कि ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी तरह की कमी की स्थिति नहीं है। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि लोग सरकारी जानकारी पर ध्यान देने के बजाय सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर ज्यादा भरोसा कर रहे हैं। इसी वजह से पेट्रोल पंपों पर भीड़ बढ़ रही है, जिससे अनावश्यक पैनिक का माहौल बन रहा है।
कतारें जारी रहीं तो पंप बंद करने की चेतावनी
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने चेतावनी दी कि अगर लोगों ने अफवाहों के आधार पर लाइन लगाना बंद नहीं किया, तो सरकार को कुछ दिनों के लिए पेट्रोल पंप बंद करने का फैसला लेना पड़ सकता है। यह कदम स्थिति को नियंत्रित करने के लिए उठाया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे जिम्मेदारी दिखाएं और जरूरत के मुताबिक ही ईंधन लें। सरकार की ओर से किसी तरह की कमी या खपत कम करने का निर्देश नहीं दिया गया है।
PM के साथ बैठक में होंगे शामिल
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बताया कि वह कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ होने वाली सभी मुख्यमंत्रियों की बैठक में भी शामिल होंगे, जहां पश्चिम एशिया के हालात और उसके प्रभावों पर चर्चा की जाएगी। सरकार ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि राज्य में ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और लोगों को घबराने की कोई जरूरत नहीं है।
Read More
रामनवमी पर ‘Valmiki Ramayana’ का भव्य फर्स्ट लुक जारी, जानिए कब होगी रिलीज

