केंद्रीय जल शक्ति अभियान को अमल करने में दूसरे नंबर पर आया हरियाणा

Aug 3, 2024 - 09:33
 17
केंद्रीय जल शक्ति अभियान को अमल करने में दूसरे नंबर पर आया हरियाणा
केंद्रीय जल शक्ति अभियान को अमल करने में दूसरे नंबर पर आया हरियाणा

नकुल जसूजा, चंडीगढ:

केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय के जल शक्ति अभियान को लागू करने में हरियाणा ने दूसरा स्थान हासिल किया है। मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद ने प्रदेश के सभी उपायुक्तों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जल शक्ति अभियान कैच द रेन की समीक्षा बैठक की। मुख्य सचिव ने कहा कि अभियान के तहत राज्य में ग्राउंड वाॅटर रिचार्ज को बढ़ावा देने के लिए 65 हजार से अधिक वर्षा जल संरक्षण संरचना और 18,104 जलाशयों की जियो टैगिंग की गई है। राज्य में 3.5 करोड़ से अधिक पौधे लगाकर अन्य कार्य किए गए हैं।

मेले के जरिए किए किसान जागरूक

मुख्य सचिव ने बताया कि किसानों और आमजन को जल संरक्षण के बारे में जागरूक करने के लिए लगभग 70,000 प्रशिक्षण कार्यक्रम और किसान मेले आयोजित किए गए हैं। इसके अलावा, सभी जिलों में जल शक्ति केंद्र स्थापित किए गए और सतत जल प्रबंधन को बढ़ावा देने के लिए जिला-विशिष्ट जल संरक्षण योजनाएं भी विकसित की गई हैं।

जल स्तर में हुई बढ़ोतरी

'जल शक्ति अभियानः कैच द रेन' के परिणाम अत्यंत प्रभावशाली रहे हैं। इस अभियान के चलते जल स्तर में वर्ष 2023 में 12 जिलों में लगभग 1.3 मीटर, वर्ष 2022 में 19 जिलों में 0.58 मीटर और वर्ष 2021 में 7 जिलों में 0.57 मीटर की बढ़ोतरी हुई है। मुख्य सचिव ने विशेष रूप से चिन्हित 10 जिले जींद, फतेहाबाद, सिरसा, कुरुक्षेत्र, पानीपत, महेन्द्रगढ़, रेवाडी, कैथल, गुरुग्राम और फरीदाबाद में स्प्रिंग शेड एरिया में वैज्ञानिक वनीकरण के महत्व पर बल दिया। उन्होंने सरकारी भवनों और वन भूमि पर वर्षा जल संचयन प्रणाली की स्थापना और जहां भी तकनीकी रूप से संभव हो, जल स्रोतों में सुधार करने के निर्देश दिए।

छात्र बनेंगे जल दूत

मुख्य सचिव ने कहा कि स्कूल शिक्षा विभाग छात्रों के बीच जल-दूत अभियान को बढ़ावा देने, ग्रामीण विकास विभाग जल संरक्षण प्रयासों में स्वयं सहायता समूहों को शामिल कर उनकी क्षमता बढ़ाएगा। इसके साथ ही ग्राम स्तर पर जल बजट को प्रोत्साहित करने के अलावा पंचायतों, जल उपयोगकर्ता संघों और स्वयं सहायता समूहों के बीच समन्वय स्थापित करेगा।

नोडल आफिसर किए जाएंगे नियुक्त

टीवीएसएन प्रसाद ने 'जल शक्ति अभियानः कैच द रेन-2024' की सफलता सुनिश्चित करने और कार्यान्वयन बढ़ाने के उद्देश्य से जिलों के बीच प्रतिस्पर्धात्मक भावना को बढ़ाने के लिए सभी विभागों और अधिकारियों से एकजुट प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने प्रशासनिक सचिवों और विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि जल शक्ति अभियानः कैच द रेन-2024 के प्रभावी निष्पादन के लिए सिंचाई और जल संसाधन विभाग के साथ सहयोग और समन्वय स्थापित करने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को नोडल आफिसर नियुक्त किया जाए। उन्होंने उपायुक्तों को निर्देश दिए कि जेएसए पोर्टल पर किए गए कार्य को समय पर अपडेट किया जाए। हरियाणा जल संसाधन प्राधिकरण की अध्यक्षा केशनी आनंद अरोड़ा ने वित्तीय वर्ष 2025-28 के तहत सितंबर 2024 तक जिला जल संसाधन योजना (डीडब्ल्यूआरपी) तैयार करने का आग्रह किया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow