Mumbai-Pune एक्सप्रेसवे पर पलटा गैस टैंकर, जानें क्यों 32 घंटे तक ठप रहा ट्रैफिक
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर रायगढ़ जिले के भोर घाट इलाके में प्रोपलीन गैस से भरा एक टैंकर पलटने से हालात बेकाबू हो गए।
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर रायगढ़ जिले के भोर घाट इलाके में प्रोपलीन गैस से भरा एक टैंकर पलटने से हालात बेकाबू हो गए। हादसे के तुरंत बाद गैस रिसाव शुरू हो गया, जिसके चलते सुरक्षा कारणों से एक्सप्रेसवे को दोनों दिशाओं में बंद करना पड़ा। यह मार्ग करीब 32 घंटे तक पूरी तरह जाम रहा।
फंसे हजारों यात्री
लंबे जाम में फंसे लोगों में छोटे बच्चे, बुजुर्ग और इलाज के लिए मुंबई जा रहे मरीज भी शामिल थे। कई यात्रियों को रातभर बुनियादी सुविधाओं के लिए भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सार्वजनिक परिवहन पर भी पड़ा असर
हादसे का सीधा असर सार्वजनिक परिवहन पर भी दिखा। महाराष्ट्र राज्य परिवहन (MSRTC) को 139 बस सेवाएं रद्द करनी पड़ीं, जिससे सैकड़ों यात्री प्रभावित हुए। निजी बस ऑपरेटरों पर दबाव बढ़ा और रेलवे सेवाओं में भी पुणे-मुंबई रेल मार्ग पर असामान्य भीड़ देखने को मिली।
राहत कार्य में क्यों हुई देरी?
अधिकारियों के मुताबिक, टैंकर चालक ढलान और सुरंग के पास वाहन की गति नियंत्रित नहीं कर सका, जिससे टैंकर पलट गया। हादसे में टैंकर के तीन वाल्व क्षतिग्रस्त हो गए, जिन्हें तुरंत सील करना संभव नहीं था। NDRF, फायर ब्रिगेड, हाईवे पुलिस, राज्य आपदा प्रबंधन और तेल कंपनी की टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन गैस रिसाव लंबे समय तक जारी रहा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विशेषज्ञों को बुलाया गया और गैस को दूसरे टैंकर में ट्रांसफर करने का फैसला लिया गया।
32 घंटे तक रहा जाम
यह जाम मंगलवार शाम 4:45 बजे भोर घाट में मुंबई की ओर जा रहा प्रोपलीन गैस टैंकर पलटा, गैस रिसाव शुरू हुआ। इसके बाद शाम 5:00-6:00 बजे: सुरक्षा कारणों से मुंबई और पुणे दोनों दिशाओं का ट्रैफिक बंद किया गया। फिर शाम 7:00 बजे कई किलोमीटर लंबा जाम, हजारों यात्री फंस गए। इसके बाद रात 9:00 बजे NDRF, फायर ब्रिगेड और आपदा प्रबंधन टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरी रात एक्सप्रेसवे बंद रहा। अगले दिन बुधवार दोपहर 12:00 बजे गैस को दूसरे टैंकर में ट्रांसफर की तैयारी शुरू की गई। फिर शाम 6:00 बजे डी-कंटेनमेंट प्रक्रिया किया गया। इसके बाद रात 11:30 बजे टैंकर को ठंडा कर क्रेन से हटाने की प्रक्रिया की गई और बीती रात 1:46 बजे एक्सप्रेसवे पर यातायात सेवा बहाल कर दिया गया।
What's Your Reaction?