Thursday, February 19, 2026
HomeCurrent Newsयमुना नदी की सफाई को लेकर दिल्ली सरकार की पहल, स्कूलों में...

यमुना नदी की सफाई को लेकर दिल्ली सरकार की पहल, स्कूलों में चलाया जाएगा ‘मां यमुना स्वच्छता अभियान’

यमुना नदी के पुनरुद्धार के लिए बड़ी पहल करते हुए दिल्ली सरकार ने राजधानी के स्कूलों में ‘मां यमुना स्वच्छता अभियान’ शुरू करने का फैसला किया है। इस अभियान की शुरुआत दिल्ली सरकार के जल विभाग के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने की है। उन्होंने शिक्षा मंत्री आशीष सूद को पत्र लिखकर दिल्ली के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों में इस विशेष अभियान को लागू करने का आग्रह किया है।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों में यमुना नदी के महत्व के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाना और उन्हें स्वच्छता आंदोलन से जोड़ना है। मंत्री ने कहा कि अगर यमुना को सही मायने में पुनर्जीवित करना है तो इसे एक जन आंदोलन बनाना होगा, जिसमें बच्चों की सक्रिय भागीदारी विशेष रूप से जरूरी है। बच्चे न केवल जागरूकता का संदेश फैलाएंगे, बल्कि भविष्य के लिए एक संवेदनशील समाज भी तैयार करेंगे। ‘मां यमुना स्वच्छता अभियान’ के तहत दिल्ली के स्कूलों में बच्चों के साथ कई महत्वपूर्ण गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

इसमें निबंध लेखन, ड्राइंग और पेंटिंग भाषण, वाद-विवाद प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, स्वच्छ यमुना शपथ और जागरूकता पदयात्रा और वार्षिक उत्सवों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल होंगे। खास बात यह है कि ये सभी गतिविधियां यमुना स्वच्छता अभियान के तहत की जाएंगी। इस अवसर पर प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने कहा, यमुना सिर्फ एक नदी नहीं, बल्कि दिल्ली की जीवन रेखा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान से प्रेरणा लेते हुए हम ‘मां यमुना स्वच्छता अभियान’ के माध्यम से बच्चों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की ओर जोड़ रहे हैं। अगर हम आज अपने बच्चों को नदी और पर्यावरण के महत्व के बारे में शिक्षित करेंगे, तो कल वे जागरूक नागरिक बनेंगे और स्वच्छ और हरित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

यमुना की सफाई के बिना दिल्ली का भविष्य अधूरा है। इस पहल के तहत दिल्ली जल बोर्ड, शिक्षा निदेशालय के सहयोग से स्कूलों को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री, जागरूकता सामग्री और अन्य संसाधन उपलब्ध कराएगा। स्कूलों को सलाह दी जाएगी कि वे इन गतिविधियों को अपने स्कूल कैलेंडर में शामिल करें और छात्रों को स्वच्छता और जल संरक्षण के संदेश को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करें। सरकार को उम्मीद है कि इस अभियान के जरिए दिल्ली के लाखों बच्चे न सिर्फ खुद जागरूक होंगे, बल्कि अपने परिवार और आस-पड़ोस में भी स्वच्छता और नदी संरक्षण का संदेश फैलाएंगे। “माँ यमुना स्वच्छता अभियान” दिल्ली में नई सोच और नया बदलाव लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments