HomeBreaking News'6 शादियों के बाद भी नहीं रूक रहे पापा...' रो-रोकर बेटे ने...

‘6 शादियों के बाद भी नहीं रूक रहे पापा…’ रो-रोकर बेटे ने पुलिस से लगाई मदद की गुहार

उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। अहरौला थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बेटे ने अपने पिता की सातवीं शादी रुकवाने के लिए पुलिस से गुहार लगाई है। बेटे ने थाने में तहरीर देकर कहा कि उसके पिता पहले ही छह शादियां कर चुके हैं और अब सातवीं शादी की तैयारी कर रहे हैं। नाबालिग ने पुलिस को बताया कि उसके पिता 55 वर्षीय अमरजीत मौर्य हैं और उन्होंने अब तक कई बार विवाह किया है। बेटे के मुताबिक परिवार की स्थिति खराब होने के बावजूद वह दोबारा शादी करने की तैयारी कर रहे हैं।

जमीन बेचकर कर रहे शादी की तैयारी – बेटे का आरोप

शनि मौर्य नाम के इस नाबालिग ने पुलिस को बताया कि उसके पिता उसकी मां से तीसरी शादी किए थे। इसके बाद भी उन्होंने कई बार विवाह किया। उसने आरोप लगाया कि अब सातवीं शादी के लिए पिता जमीन बेचने की तैयारी कर रहे हैं और इसके लिए लोगों से संपर्क भी कर रहे हैं। बेटे का कहना है कि परिवार की आधे से ज्यादा जमीन पहले ही गिरवी रखी जा चुकी है और अब शादी के खर्च के लिए संपत्ति बेचने की योजना बनाई जा रही है।

छठी पत्नी के साथ हुआ था विवाद

परिवार के अनुसार अमरजीत मौर्य ने वर्ष 2024 में छठवीं शादी की थी। शुरुआत में सब कुछ ठीक था, लेकिन बाद में जमीन अपने नाम कराने को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि जब जमीन नाम नहीं की गई तो पत्नी ने जेवर की मांग की और विवाद बढ़ने के बाद घर छोड़कर चली गई।

शादी के लिए लिया एडवांस

नाबालिग बेटे ने यह भी दावा किया है कि उसके पिता ने सातवीं शादी के लिए किसी व्यक्ति से लगभग 50 हजार रुपये एडवांस भी ले लिए हैं। उसने बताया कि वह खुद 12वीं का छात्र है और परिवार की आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण मजदूरी करके घर चलाने में मदद करता है।

पुलिस ने शुरू की जांच

इस मामले को लेकर गांव में भी काफी चर्चा हो रही है। गांव के प्रधान शत्रुघ्न कनौजिया ने बताया कि अमरजीत मौर्य पहले भी कई शादियां कर चुके हैं, जिससे यह मामला लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। वहीं अहरौला थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि नाबालिग की ओर से शिकायत मिली है। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Read More

तरनतारन में मोमोज और चाप खाने से भाई-बहन की मौत, जांच में जुटी पुलिस

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments