Punjab : यूपी निवासी समेत संगठित नशा नेटवर्क के 2 तस्कर गुरदासपुर से गिरफ्तार, 11 किलो हेरोइन और 5.75 लाख ड्रग मनी बरामद
पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर चल रही मुहिम के तहत गुरदासपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने संगठित नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 11 किलो हेरोइन और 5.75 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की है
पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर चल रही मुहिम के तहत गुरदासपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने संगठित नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 11 किलो हेरोइन और 5.75 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की है। यह जानकारी पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने दी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के कासिमपुर निवासी मुहम्मद वसीम और अमृतसर निवासी हरशदीप सिंह उर्फ हरश के रूप में हुई है। पुलिस ने नशे की खेप और ड्रग मनी के साथ-साथ आरोपियों की सफेद रंग की होंडा सिटी कार (आरजे45 सीआर 2918) और हुंडई वरना कार (सीएच01ए जेड 0888) को भी जब्त कर लिया है, जिनका इस्तेमाल तस्करी के लिए किया जा रहा था।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी भारत में अपने हैंडलरों के जरिए पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे। उन्होंने कहा कि इस नेटवर्क की पूरी कड़ी का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी गुरदासपुर आदित्य ने बताया कि पहली कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसमें आरोपी हरशदीप सिंह उर्फ हरश को गांव चिट्टी के पास से गिरफ्तार किया गया। आरोपी अपनी वरना कार में हेरोइन की खेप डिलीवरी के लिए जा रहा था। तलाशी के दौरान पुलिस ने 8 किलो हेरोइन और 3.5 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की।
दूसरी कार्रवाई के तहत पुलिस ने दीनानगर में पनियार शुगर मिल के पास लगाए गए नाके पर आरोपी मुहम्मद वसीम को गिरफ्तार किया। उसकी होंडा सिटी कार की तलाशी लेने पर 6 पैकेटों में बंद 3 किलो हेरोइन और 2.25 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद हुई।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
इस संबंध में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। एफआईआर नंबर 32 दिनांक 7 फरवरी 2026 को थाना दीनानगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21सी और 27ए के तहत तथा एफआईआर नंबर 11 दिनांक 7 फरवरी 2026 को थाना दोरांगला में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21सी और 27ए के तहत मामला दर्ज किया गया है।
What's Your Reaction?