Punjab : अब घरेलू हिंसा की शिकार महिलाओं को तुरंत मिलेगी मदद, स्पेशल DGP गुरप्रीत देओ ने किया ‘सांझा राहत केंद्र’ का उद्घाटन
महिला उत्पीड़न के मामलों में पीड़ितों को तुरंत न्याय, काउंसिलिंग और कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जालंधर के सिविल अस्पताल में ‘सांझा राहत केंद्र’ की शुरुआत की गई है।
महिला उत्पीड़न के मामलों में पीड़ितों को तुरंत न्याय, काउंसिलिंग और कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जालंधर के सिविल अस्पताल में ‘सांझा राहत केंद्र’ की शुरुआत की गई है। यह केंद्र घरेलू हिंसा सहित विभिन्न प्रकार के उत्पीड़न का सामना कर रही महिलाओं के लिए एक समर्पित सहायता मंच है।
स्पेशल DGP गुरप्रीत देओ ने किया उद्घाटन
सिविल अस्पताल परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्पेशल DGP गुरप्रीत देओ ने इस केंद्र का उद्घाटन किया। इस मौके पर मेडिकल सुपरिंटेंडेंट और पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर सहित स्वास्थ्य, पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि यह केंद्र महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों में एक समन्वित और संवेदनशील व्यवस्था प्रदान करेगा।
पीड़ित महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर फोकस
स्पेशल DGP गुरप्रीत देओ ने कहा कि इस पहल का मकसद सिर्फ कानूनी कार्रवाई नहीं, बल्कि पीड़ित महिलाओं से संवाद कर उन्हें दोबारा आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता के साथ खड़ा करना भी है। ‘सांझा राहत केंद्र’ सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक कार्यरत रहेगा। सिविल अस्पताल में इलाज के लिए आने वाली महिलाओं के साथ-साथ बाहर से आने वाली पीड़ित महिलाएं भी यहां काउंसिलिंग ले सकेंगी। जरूरत पड़ने पर काउंसलर थानों और पीड़ितों के घर जाकर भी सहायता करेंगे।
केंद्र का संचालन करेगी NGO
अधिकारियों ने बताया कि यह केंद्र पंजाब पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, राज्य कानूनी सेवा प्राधिकरण और जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण के संयुक्त सहयोग से शुरू किया गया है। इस केंद्र का संचालन ‘नई शुरुआत’ नामक एनजीओ द्वारा किया जाएगा। यहां महिलाओं की मदद के लिए दो प्रशिक्षित काउंसलर तैनात रहेंगे, जो मानसिक, सामाजिक और कानूनी मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
अस्पताल परिसर में केंद्र बनाने का उद्देश्य
प्रशासन का कहना है कि सिविल अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में अक्सर घरेलू हिंसा और उत्पीड़न की शिकार महिलाएं इलाज के लिए पहुंचती हैं। ऐसे में अस्पताल परिसर में ही राहत केंद्र होने से पीड़ितों को तुरंत काउंसिलिंग और कानूनी सहायता मिल सकेगी और मामलों में तेजी से कार्रवाई की जा सकेगी।
What's Your Reaction?