Punjab : अमृतसर से पाकिस्तानी जासूस गिरफ्तार, भारतीय सेना की गुप्त सूचनाएं कर रहा था ट्रांस्फर
अमृतसर से एक गंभीर और सुरक्षा से जुड़ा सनसनीखेज मामला सामने आया है। अमृतसर स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC) ने बीती रात कार्रवाई करते हुए भारतीय सेना से संबंधित गोपनीय जानकारियां पाकिस्तान तक पहुंचाने वाले एक संदिग्ध जासूस को गिरफ्तार किया है।
अमृतसर से एक गंभीर और सुरक्षा से जुड़ा सनसनीखेज मामला सामने आया है। अमृतसर स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC) ने बीती रात कार्रवाई करते हुए भारतीय सेना से संबंधित गोपनीय जानकारियां पाकिस्तान तक पहुंचाने वाले एक संदिग्ध जासूस को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान 35 वर्षीय हरपाल सिंह के रूप में हुई है, जो पेशे से किसान बताया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हरपाल सिंह पिछले करीब एक साल से पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के संपर्क में था और सेना से जुड़ी संवेदनशील सूचनाएं लगातार पाकिस्तान भेज रहा था। सुरक्षा एजेंसियों को इस गतिविधि की पुख्ता खुफिया जानकारी मिली थी, जिसके बाद स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की।
नाकेबंदी के दौरान गिरफ्तारी
खुफिया इनपुट के आधार पर एजेंसियों ने इलाके में नाकेबंदी की और संदिग्ध गतिविधियों के दौरान हरपाल सिंह को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक मोबाइल फोन और एक सीडी बरामद की गई है। शुरुआती फॉरेंसिक जांच में मोबाइल फोन से पाकिस्तान के नंबरों से संपर्क के संकेत मिले हैं, जिससे उसके सीमा पार संपर्क की पुष्टि होती है।
सीमा से सटे अजनाला क्षेत्र का निवासी
जानकारी के अनुसार आरोपी अमृतसर जिले की तहसील अजनाला के सीमावर्ती इलाके का रहने वाला है। सीमा क्षेत्र में निवास करने के चलते उसकी गतिविधियों पर पहले से ही सुरक्षा एजेंसियों की नजर बनी हुई थी।
पूछताछ में खुल सकते हैं बड़े राज
स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल के अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और उससे कई अहम खुलासे होने की संभावना है। एजेंसियां यह भी जांच कर रही हैं कि सूचनाएं भेजने के लिए कौन-कौन से माध्यम अपनाए गए, और क्या इस जासूसी नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल हैं।
फिलहाल आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच लगातार आगे बढ़ाई जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों ने स्पष्ट किया है कि यह मामला देश की आंतरिक सुरक्षा से जुड़ा हुआ है, इसलिए हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?