Punjab : लुधियाना में PSPCL की बड़ी कार्रवाई, एक महीने में वसूले बकाया 91.74 करोड़ रुपये
वित्तीय वर्ष के समापन से पहले राजस्व बढ़ाने और लंबित बकाया राशि की वसूली के लिए पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (PSPCL) ने लुधियाना जिले में विशेष अभियान शुरू किया है।
वित्तीय वर्ष के समापन से पहले राजस्व बढ़ाने और लंबित बकाया राशि की वसूली के लिए पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (PSPCL) ने लुधियाना जिले में विशेष अभियान शुरू किया है। यह अभियान जनवरी से शुरू हुआ है और मार्च महीने के अंत चक चलेगा। बता दें कि जनवरी महीने के दौरान 28,491 डिफॉल्टर उपभोक्ताओं से 91.74 करोड़ रुपये की वसूली की गई है।
मार्च के अंत तक जारी रहेगा अभियान
PSPCL अधिकारियों के अनुसार यह विशेष वसूली अभियान 1 जनवरी से शुरू हुआ है और मार्च के अंत तक चलेगा। यह हर साल लागू की जाने वाली वित्तीय अनुशासन योजना का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य लंबे समय से बकाया बिजली बिलों की वसूली करना और विभाग की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है।
ईस्ट और वेस्ट सर्किल ने किया बेहतर प्रदर्शन
आंकड़ों के मुताबिक लुधियाना जिले में सबसे अधिक वसूली लुधियाना ईस्ट सर्किल से हुई, जहां से 38.95 करोड़ रुपये जमा कराए गए। इसके बाद लुधियाना वेस्ट सर्किल से 37.27 करोड़ रुपये की वसूली की हुई है। इसके अलावा सब-अर्बन सर्किल ने 10.65 करोड़ रुपये, खन्ना सर्किल 4.84 करोड़ रुपये, सुंदर नगर डिवीजन से 15.95 करोड़ रुपये, फोकल पॉइंट डिवीजन से 15.76 करोड़ रुपये और एस्टेट डिवीजन से 12.50 करोड़ रुपये की वसूली की गई है।
60 दिन से ज्यादा बकाया वालों पर सख्ती
PSPCL अधिकारियों ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं के बिजली बिल 60 दिन से अधिक समय तक बकाया रहते हैं, उन्हें डिफॉल्टर की श्रेणी में रखा जाता है। ऐसे उपभोक्ताओं को पहले नोटिस जारी कर 10 दिन का समय दिया जाता है। निर्धारित समय में भुगतान न होने पर सख्त कार्रवाई की जाती है।
वित्तीय स्थिरता के लिए जरूरी है वसूली करना - PSPCL
PSPCL के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि यह अभियान निगम की वित्तीय स्थिरता के लिए बेहद जरूरी है। समय पर बिल वसूली से कैश फ्लो बेहतर होता है, राजस्व घाटा कम होता है और बिजली ढांचे के विकास में निवेश संभव हो पाता है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को भुगतान का पूरा अवसर दिया जाता है, लेकिन लगातार डिफॉल्ट करने वालों पर कार्रवाई अनिवार्य है। फिलहाल बिजली विभाग की टीमें लुधियाना जिले में लगातार कार्रवाई में जुटी हुई हैं। PSPCL ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे समय पर अपने बिजली बिलों का भुगतान करें, ताकि किसी भी तरह की असुविधा से बचा जा सके।
What's Your Reaction?