पाकिस्तानी सेना के काफिले पर हमला, 25 सैनिकों की मौत, 50 से ज्यादा घायल
इस घटना में वाहन में सवार 25 से ज़्यादा पाक सेना के जवान मारे गए, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में जिला बाजौर के सबसे बड़े व्यापारिक बाजार इनायत कलाई में सेना के एक वाहन पर हमले की खबर है। इस घटना में वाहन में सवार 25 से ज़्यादा पाक सेना के जवान मारे गए, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद बाजार में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि पश्तून लड़ाकों ने पाकिस्तानी सेना के काफिले को निशाना बनाया है। वहीं, कुछ यूजर्स ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दावा किया है कि इस हमले में 25 से ज़्यादा पाक सेना के जवान मारे गए और 50 से ज़्यादा घायल हुए हैं।
12 अगस्त को भी 9 सैन्यकर्मी मारे गए थे
12 अगस्त को पाकिस्तान के बलूचिस्तान में एक पाक सेना के वाहन पर हमला हुआ था। इस घटना में भी 9 से ज़्यादा पाकिस्तानी सैनिक मारे गए थे। इस हमले की ज़िम्मेदारी बलूच लिबरेशन आर्मी ने ली थी। वाशुक जिले में दर्जनों आतंकवादियों ने एक पुलिस थाने और एक सीमा बल परिसर पर हमला किया। इसके बाद जब सेना आगे बढ़ रही थी, तभी उन पर गोलीबारी की गई। जिसमें 9 सैनिक मारे गए।
खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में दो दशकों से अशांति
खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान लगभग दो दशकों से अशांति का सामना कर रहे हैं। स्थानीय जातीय बलूच समूह और उनसे जुड़े अन्य दल पाकिस्तान सरकार पर प्रांत की खनिज संपदा के दोहन का आरोप लगाते हैं। हाल ही में, बलूच विद्रोहियों ने पाकिस्तानी सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर कई हमले भी किए हैं।
What's Your Reaction?