Delhi CM Oath Ceremony: आतिशी ने ली दिल्ली के CM पद के रूप में शपथ, इन विधायकों को मिली कैबिनेट में जगह

आतिशी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने शनिवार (21 सितंबर) को राज निवास में आयोजित एक सादे समारोह में आतिशी को सीएम पद की शपथ दिलाई। इसके साथ ही आतिशी दिल्ली की तीसरी और सबसे कम उम्र की महिला मुख्यमंत्री बन गई हैं।

Sep 21, 2024 - 16:53
 18
Delhi CM Oath Ceremony: आतिशी ने ली दिल्ली के CM पद के रूप में शपथ, इन विधायकों को मिली कैबिनेट में जगह

आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने शनिवार (21 सितंबर) को राज निवास में आयोजित एक सादे समारोह में आतिशी को सीएम पद की शपथ दिलाई। इसके साथ ही आतिशी दिल्ली की तीसरी और सबसे कम उम्र की महिला मुख्यमंत्री बन गई हैं।

उनके साथ आप विधायक गोपाल राय, सौरभ भारद्वाज, कैलाश गहलोत, इमरान हुसैन और मुकेश अहलावत ने मंत्री पद की शपथ ली।

सुल्तानपुर माजरा से विधायक मुकेश अहलावत पहली बार दिल्ली सरकार में मंत्री बने हैं। जबकि गोपाल राय, सौरभ भारद्वाज, कैलाश गहलोत, इमरान हुसैन अरविंद केजरीवाल सरकार में भी कैबिनेट मंत्री थे।

इससे पहले आबकारी नीति से जुड़े एक मामले में तिहाड़ जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद अरविंद केजरीवाल ने 17 सितंबर को सीएम पद से इस्तीफा दे दिया था। उसके बाद आम आदमी पार्टी विधायक दल की बैठक में आतिशी को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया था।

जानें सीएम आतिशी और अन्य मंत्रियों के बारे में सबकुछ

आतिशी

वरिष्ठ आप नेता आतिशी दिल्ली के कालकाजी से विधायक हैं। अरविंद केजरीवाल सरकार में वे शिक्षा, पीडब्ल्यूडी, बिजली, पर्यटन, महिला एवं बाल विकास समेत कई अन्य विभागों की मंत्री रहीं। वे आम आदमी पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति की सदस्य भी हैं। उन्होंने 2003 में ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से इतिहास में मास्टर डिग्री हासिल की। ​​वे आम आदमी पार्टी की स्थापना के समय से ही इसकी सदस्य रही हैं।

सौरभ भारद्वाज

सौरभ भारद्वाज दिल्ली की ग्रेटर कैलाश विधानसभा सीट से विधायक हैं। अरविंद केजरीवाल सरकार में वे स्वास्थ्य, शहरी विकास, पर्यटन-कला संस्कृति भाषा, उद्योग, सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण मंत्री रहे। इससे पहले वे दिल्ली जल बोर्ड के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। सौरभ भारद्वाज ने अपने पेशेवर करियर की शुरुआत एक निजी कंपनी में माइक्रोचिप्स और कोडिंग विशेषज्ञ के तौर पर की थी।

कैलाश गहलोत

कैलाश गहलोत दिल्ली ग्रामीण की नजफगढ़ विधानसभा सीट से विधायक हैं। उन्हें दिल्ली ग्रामीण का अहम नेता माना जाता है। अरविंद केजरीवाल सरकार में वे परिवहन, राजस्व, प्रशासनिक सुधार, सूचना एवं प्रौद्योगिकी, कानून, न्याय एवं विधायी मामलों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वे 15 अगस्त को दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में पूर्व सीएम की जगह तिरंगा फहराने को लेकर भी चर्चा में आए थे।

गोपाल राय

गोपाल राय आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रभारी हैं। वे दिल्ली सरकार में सबसे अनुभवी नेता हैं। अरविंद केजरीवाल सरकार में वे पर्यावरण एवं अन्य मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वे आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य भी हैं। वे अन्ना आंदोलन के समय से ही अरविंद केजरीवाल से जुड़े हुए हैं।

इमरान हुसैन

इमरान हुसैन बल्लीमारान विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के विधायक हैं। मुस्लिम बहुल इलाकों में उनकी अच्छी पकड़ है। वे दो बार विधायक रह चुके हैं। अरविंद केजरीवाल की कैबिनेट में वे खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति तथा चुनाव मंत्री रह चुके हैं। वे जामिया मिलिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी के बैचलर ऑफ बिजनेस स्टडीज के छात्र रहे हैं।

मुकेश अहलावत

दलित नेता मुकेश अहलावत दिल्ली के सुल्तानपुर माजरा से विधायक हैं। मुकेश पहली बार विधायक बने हैं। 2020 में आप ने उन्हें सुल्तानपुर से टिकट दिया। उनसे पहले संदीप कुमार भी 2015 में आप के टिकट पर सुल्तानपुर माजरा से विधायक चुने गए थे। उससे पहले यह सीट कांग्रेस का गढ़ रही है। 1993 से 2013 तक कांग्रेस यहां से चुनाव जीतती रही है। मुकेश अहलावत एकमात्र नए चेहरे हैं जिन्हें आतिशी कैबिनेट में जगह मिली है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow