अनिल विज को मिठाई खिलाने वाले पुलिसकर्मियों का ट्रांसफर, पहले CM को फोन किया, अब RTI लगाई

हरियाणा के पूर्व गृहमंत्री अनिल विज एक बार फिर से अपनी ही सरकार से खफा हो गए हैं। इस बार मामला अंबाला रेंज के पुलिस अधिकारियों की प्रमोशन का बताया जा रहा है।

Aug 16, 2024 - 16:38
Aug 16, 2024 - 16:40
 17
अनिल विज को मिठाई खिलाने वाले पुलिसकर्मियों का ट्रांसफर, पहले CM को फोन किया, अब RTI लगाई

चंद्रशेखर धरणी, चंडीगढ़ :  हरियाणा के पूर्व गृहमंत्री अनिल विज एक बार फिर से अपनी ही सरकार से खफा हो गए हैं। इस बार मामला अंबाला रेंज के पुलिस अधिकारियों की प्रमोशन का बताया जा रहा है। अनिल विज की कोशिशों के बाद सालों से प्रमोशन का इंतजार कर रहे अंबाला रेंज के पुलिस कर्मियों को प्रमोशन मिलने पर कुछ पुलिस कर्मी उन्हें मिठाई खिलाने पहुंचे थे। इस पर पुलिस विभाग की ओर से उन्हें मिठाई खिलाने पहुंचे दो पुलिस कर्मियों का अंबाला से नूंह ट्रांसफर कर दिया गया। हालांकि विज की जानकारी में आते ही जब उन्होंने इस पर नाराजगी जाहिर की तो पुलिस कर्मियों के तबादलों के आदेश वापस हो गए, लेकिन पार्टी के भीतर विवाद जरूर बढ़ गया है। इतना ही नहीं अब ये मामला बीजेपी हाई कमान के दरबार में भी पहुंच चुका है।

विज की पहले भी होती रही सरकार से लड़ाई

हरियाणा के पूर्व गृह मंत्री अनिल विज की पहले भी सरकार के साथ अनबन होती रही है। पूर्व सीएम मनोहर लाल के कार्यकाल के दौरान ऐसे कई मामले आए, जिनको लेकर विज काफी नाराज रहे। हालांकि बाद में मौजूदा केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्‌टर के हस्तक्षेप के बाद सुलझा लिए गए। तत्कालीन सीएम मनोहर लाल के दूसरे कार्यकाल के दौरान डीजी हेल्थ को लेकर भी खूब बवाल हुआ था। इस दौरान विज ने दो महीने तक हेल्थ विभाग का काम भी नहीं देखा था। इसके अलावा पूर्व डीजीपी यादव को लेकर भी विज नाराज हो चुके हैं। इसके अलावा एमबीबीएस स्टूडेंट्स की बॉन्ड पॉलिसी को लेकर विज पूर्व सीएम मनोहर लाल के खिलाफ खड़े गए थे।

सैनी के साथ पहली बार खुला विवाद

भले ही अनिल विज का पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ कई मामलों में विवाद होता रहा है, लेकिन नायब सैनी के मुख्यमंत्री बनने के बाद यह पहला मौका है, जब किसी मुद्दे पर सरकार के साथ उनका विवाद खुलकर सामने आया है। हालांकि मुख्यमंत्री नायब सैनी से अनिल विज की ओर से टेलीफोन पर बात किए जाने के बाद पुलिस कर्मियों के ट्रांसफर आदेश पर रोक लगा दी गई है।

विज लड़ रहे थे लंबे समय से लड़ाई

अनिल विज का कहना है कि वह इन कर्मचारियों की पदोन्नति की लड़ाई लंबे समय से लड़ रहे हैं। प्रमोशन के बाद मिठाई खिलाने आए तो उनका नूंह तबादला कर दिया गया। अनिल विज और मुख्यमंत्री सैनी के बीच बातचीत के कुछ घंटे बाद पुलिस कर्मियों के तबादला आदेश वापस हो गए, लेकिन विज इस मामले को लेकर नाराज हो गए। पुलिसकर्मियों के ट्रांसफर रुक जाने के बाद भी वह इस मामले को लेकर काफी गंभीर हैं। उन्होंने ट्रांसफर आदेश करने वाले अधिकारी के बारे में जानने के लिए अब आरटीआई लगा दी है। इसमें उन्होंने यह जानकारी मांगी है कि पदोन्नत हुए पुलिसकर्मियों के ट्रांसफर आदेश किसके कहने पर जारी किए गए ? विज चाहते हैं कि इसमें दोषी अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

दिल्ली तक पहुंचा पूरा मामला

हाल ही में अनिल विज दिल्ली दौरे पर गए थे, जहां उन्होंने हरियाणा के पार्टी प्रभारी और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात की थी। चर्चा है कि इस मुलाकात के दौरान विज ने अपनी सरकार में की जा रही अनदेखी को लेकर नाराजगी प्रकट की थी। विज के करीबियों का कहना है कि हाल ही में जारी हरियाणा विधानसभा चुनाव समिति में भी उनका नाम शामिल नहीं किया गया था, जिसके बाद उनके विरोध के बाद नाम शामिल किया गया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow