भाजपा सरकार पर जमकर बरसे आप नेता, सुशील गुप्ता बोले - हरियाणा के खिलाड़ियों के साथ हो रहा भेदभाव

हरियाणा विधानसभा चुनाव इसी साल होने हैं। जिसके लिए आम आदमी पार्टी ने कमर कर ली है। आप हरियाणा में लगातार रैलियां कर लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

Aug 2, 2024 - 13:17
 15
भाजपा सरकार पर जमकर बरसे आप नेता, सुशील गुप्ता बोले - हरियाणा के खिलाड़ियों के साथ हो रहा भेदभाव

हरियाणा विधानसभा चुनाव इसी साल होने हैं। जिसके लिए आम आदमी पार्टी ने कमर कर ली है। आप हरियाणा में लगातार रैलियां कर लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। इसके साथ ही केंद्र और हरियाणा की बीजेपी सरकार पर भी लगाता हमलावर है। इसी कड़ी में एक रैली में हरियाणा आप के प्रदेश अध्यक्ष सुशील गुप्ता और आप नेता अनुराग ढांडा ने हरियाणा सरकार पर निशाना साधा है। 

वहीं, गुरुवार को आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता और वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा की मौजूदगी में पार्षद सुरेश मुंजाल के नेतृत्व में भाजपा के जिला कार्यकारिणी सदस्य अमन मुंजाल, प्रकाश विडलांन, राजन मुंजाल, सुरेंद्र जांगड़ा, भूषण आहूजा और दर्शन विग समेत 100 से ज्यादा पदाधिकारियों ने भाजपा और कांग्रेस पार्टी को छोड़कर आम आदमी पार्टी ज्वाइन की। 

मनु भाकर को करना पड़ा था पुरस्कार के लिए संघर्ष 

डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ी लगातार भारत का नाम रोशन कर रहे हैं। ओलंपिक में हरियाणा की बेटी मनु भाकर ने देश के लिए 2 मेडल जीत कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। ये हरियाणा और देश के लिए गर्व की बात है। मेडल आने के बाद भाजपा सरकार अपनी पीठ थपथपाने और क्रेडिट लेने में सबसे आगे हैं। लेकिन जब ये खिलाड़ी संघर्ष कर रहे होते हैं तो कोई इनका हाथ पकड़ने आगे नहीं आता।

उन्होंने कहा 2018 में मनु भाकर यूथ ओलंपिक में स्वर्ण जीतने वाली पहली भारतीय निशानेबाज़ बनी थी। तब अनिल विज साहब ने ट्वीट किया था कि हम मनु भाकर को 2 करोड़ रुपए का नक़द पुरस्कार देंगे। तीन महीने तक जब सरकार ने कुछ नहीं दिया तो मनु भाकर ने अपने लिए आवाज़ उठाई और अनिल विज से सवाल किया की आप अपना वादा पूरा करेंगे या ये सिर्फ़ एक जुमला था? सबको याद है कि मनु भाकर को अपनी पुरस्कार की राशि के लिए कितना संघर्ष करना पड़ा था। सबको याद है कि कैसे अनिल विज साहब ने पब्लिकली मनु भाकर का अपमान किया था।

हरियाणा के खिलाड़ियों के साथ हो रहा भेदभाव 

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने भी हरियाणा के खिलाड़ियों के साथ सदा भेदभाव किया है। मैं आज आपके सामने इस भेदभाव का भी खुलासा करूंगा। पेरिस ओलंपिक में देश भर से 117 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिसमें से 24 खिलाड़ी हरियाणा से हैं जो लगभग 20% होता है। ये हर हरियाणा वासी के लिए गर्व की बात है। लेकिन केंद्र सरकार ने हरियाणा को केवल 66.59 करोड़ रुपए दिए हैं स्पोर्ट्स डेवलपमेंट के लिए जो पूरे स्पोर्ट्स डेवलपमेंट फंड  का सिर्फ़ 3% है।

उन्होंने कहा गुजरात से केवल 2 खिलाड़ी ओलंपिक में गए हैं, लेकिन गुजरात को 428 करोड़ रुपए का स्पोर्ट्स फंड मिला है जो की कुल फंड का लगभग 20% है। हमारा सीधा सवाल है कि हरियाणा के साथ ऐसा भेदभाव क्यों? हरियाणा को केवल 3% फण्ड क्यों? इस पर हरियाणा की बीजेपी सरकार चुप क्यों है? आम आदमी पार्टी की सरकार बनते ही हम खिलाड़ियों के लिए एक्शन प्लान लाएंगे। ट्रेनिंग से लेकर हेल्थ और इंफ्रास्ट्रक्चर तक सभी सुविधाएं दी जाएंगी। 

फ्री बिजली और युवाओं को रोजगार देगी आप 

वहीं वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने कहा कि आम आदमी पार्टी हरियाणा में एक मजबूत विकल्प बन चुकी है। शहर और गांवों में युवा, महिलाएं और बुजुर्ग आम आदमी पार्टी को उम्मीदों से देख रहे हैं। प्रदेश में आम आदमी पार्टी एक मजबूत विकल्प बन चुकी है। इससे पता चलता है कि हरियाणा की जनता भी अरविंद केजरीवाल की पांच गारंटियों को लागू करवाना चाहती है।

उन्होंने कहा कि जिस तरीके से पूरे प्रदेश में आम आदमी पार्टी का परिवार बढ़ रहा है। उससे स्पष्ट हो रहा है कि हरियाणा में बदलाव शुरू हो चुका है। हरियाणा की जनता इस बार शिक्षा और स्वास्थ्य के मुद्दे पर वोट करेगी। हरियाणा के लोग भी दिल्ली और पंजाब की तर्ज पर 300 यूनिट फ्री बिजली चाहते हैं। महिलाओं को सम्मान राशि और प्रत्येक युवा को रोजगार देने का काम भी आम आदमी पार्टी करेगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow