HomeBreaking Newsहोर्मुज में तेल टैंकर पर चौथा हमला! बारूदी सुरंग से टकराते ही...

होर्मुज में तेल टैंकर पर चौथा हमला! बारूदी सुरंग से टकराते ही इंजन रूम में लगी आग, चालक दल सुरक्षित

Strait of Hormuz: पश्चिम एशिया में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी युद्ध का असर अब समुद्री व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति पर भी पड़ने लगा है। ओमान के पास स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजर रहा एक तेल टैंकर नौसैनिक बारूदी सुरंग (नेवल माइन) की चपेट में आने के बाद आग लगने का शिकार हो गया। घटना में जहाज का इंजन रूम आग की चपेट में आ गया और उसकी आवाजाही रोकनी पड़ी। राहत की बात यह है कि चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित हैं। पिछले 24 घंटे के भीतर इस समुद्री क्षेत्र में जहाजों पर हमले की यह चौथी घटना बताई जा रही है। ईरानी नौसेना ने भी घटना की पुष्टि करते हुए टैंकर को काफी नुकसान पहुंचने की जानकारी दी है।

UKMTO ने दी हमले की जानकारी

ब्रिटेन के समुद्री व्यापार संचालन संगठन (यूकेएमटीओ) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस घटना की जानकारी साझा की। संगठन के मुताबिक, ओमान के पास स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजर रहे एक तेल टैंकर पर हमले की सूचना मिली थी। घटना के बाद जहाज की आवाजाही रुक गई और उसका इंजन रूम आग की चपेट में आ गया। यूकेएमटीओ ने बताया कि जहाज पर मौजूद चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित हैं। हालांकि, टैंकर को कितना नुकसान हुआ है, इसकी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

ईरानी नौसेना ने टैंकर पर लगाए नियम तोड़ने के आरोप

ईरानी नौसेना ने भी इस घटना को लेकर बयान जारी किया है। नौसेना का दावा है कि संबंधित तेल टैंकर प्रतिबंधित समुद्री क्षेत्र से गुजर रहा था और उसने अपना नेविगेशन सिस्टम बंद कर रखा था।

ईरान के सरकारी प्रसारक इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग (IRIB) के अनुसार, नौसेना के जनसंपर्क विभाग ने बताया कि टैंकर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पूर्वी हिस्से में स्थित प्रतिबंधित क्षेत्र से गुजर रहा था। इस दौरान जहाज के नेविगेशन सिस्टम भी बंद थे। ईरानी नौसेना ने इन परिस्थितियों को समुद्री नियमों का उल्लंघन बताया है।

प्रतिबंधित समुद्री क्षेत्र में जाने को लेकर पहले भी चेतावनी

ईरान की ओर से जहाज संचालकों को कई बार प्रतिबंधित समुद्री क्षेत्र में प्रवेश नहीं करने की चेतावनी दी जा चुकी है। इस इलाके में पिछले कई सप्ताह से समुद्री आवाजाही पर पाबंदियां लगी हुई हैं। लगातार बने सैन्य तनाव और संघर्ष के कारण यहां से गुजरने वाले व्यापारिक जहाजों की सुरक्षा को लेकर भी चिंताएं बढ़ रही हैं।

वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए क्यों अहम है स्ट्रेट ऑफ होर्मुज?

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापारिक मार्गों में शामिल है। यहां से बड़ी मात्रा में कच्चे तेल और अन्य ऊर्जा उत्पादों की आपूर्ति दुनिया के अलग-अलग देशों तक पहुंचती है। फरवरी में अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान के खिलाफ युद्ध शुरू होने के बाद से इस समुद्री मार्ग पर तनाव लगातार बना हुआ है।

ऐसे में जहाजों पर लगातार हो रहे हमले अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए बड़ी चिंता बनते जा रहे हैं। यदि इस मार्ग पर आवाजाही लंबे समय तक प्रभावित रहती है, तो इसका असर अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार और ऊर्जा की कीमतों पर भी पड़ सकता है।

Read More:

उत्तराखंड में दो बड़े सड़क हादसों से मचा हड़कंप, 12 लोगों की मौत और 25 घायल, नदी में गिरी यात्रियों से भरी बस

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments