प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी(PM Modi) अगले सप्ताह फिलीपींस के दौरे पर जाने वाले हैं। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर के निमंत्रण पर पीएम मोदी 16 और 17 नवंबर 2026 को राजधानी मनीला पहुंचेंगे। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के बीच संबंधों को मजबूत करना और क्षेत्रीय मुद्दों पर सहयोग बढ़ाना है।
प्रधानमंत्री मोदी 17 नवंबर को होने वाले 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे। इस साल आसियान की अध्यक्षता फिलीपींस के पास है इसलिए इन दोनों महत्वपूर्ण बैठकों की मेजबानी भी वही कर रहा है। सम्मेलनों के दौरान पीएम मोदी विभिन्न देशों के नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं। इसके अलावा भारत और फिलीपींस के बीच द्विपक्षीय संबंधों को लेकर भी बातचीत होने की संभावना है।
भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी के लिए अहम दौरा
भारत और आसियान के रिश्ते प्रधानमंत्री मोदी की ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और आर्थिक सहयोग बढ़ाने के लिहाज से भी यह साझेदारी काफी अहम है।
खास बात यह है कि भारत और आसियान वर्ष 2026 को समुद्री सहयोग वर्ष के रूप में मना रहे हैं। वहीं, 2027 में दोनों के बीच संवाद संबंधों के 35 साल और व्यापक रणनीतिक साझेदारी के पांच साल पूरे होंगे।
बैठकों में किन मुद्दों पर होगी चर्चा?
23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में दोनों पक्ष अपनी रणनीतिक साझेदारी के तहत अब तक हुए काम की समीक्षा करेंगे। इसमें 2026 से 2030 तक की कार्ययोजना पर विशेष चर्चा होगी। साथ ही व्यापार, संपर्क और दूसरे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के नए रास्ते तलाशे जाएंगे। वहीं, पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी क्षेत्रीय और वैश्विक चुनौतियों पर अन्य देशों के नेताओं के साथ विचार साझा करेंगे।
भारत के लिए क्यों महत्वपूर्ण है यह यात्रा?
इस दौरे से भारत को दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों के साथ अपने कूटनीतिक, आर्थिक और समुद्री संबंधों को आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा। साथ ही हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भारत की भागीदारी और सहयोग को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।