Rare Pink Dolphins: ओमान की राजधानी मस्कट के पास कांताब बीच पर टूरिस्टों को समुद्र में एक बहुत अनोखा नजारा देखने को मिला। यहां पानी में गुलाबी रंग की डॉल्फिन दिखाई दीं हैं। टूरिस्टों ने इस अद्भुद नजारे का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में डॉल्फिन पानी से बाहर छलांग लगाती और समुद्र में तैरती नजर आ रही हैं।
नीले समुद्र में गुलाबी डॉल्फिन ने खींचा ध्यान
कांताब बीच अपने खूबसूरत समुद्र तट, चट्टानों और प्राकृतिक वातावरण के लिए जाना जाता है। ऐसे में समुद्र के नीले पानी के बीच गुलाबी रंग की डॉल्फिन दिखाई देने से वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद लोगों में इन डॉल्फिन की प्रजाति और उनके गुलाबी रंग को लेकर काफी उत्सुकता पैदा हो गई है।
मस्कट के पास दिखी डॉल्फिन की प्रजाति अभी साफ नहीं
मस्कट के पास समुद्र में दिखाई दी इन डॉल्फिन की प्रजाति अभी कौन सी है ये पता नहीं चल पाया है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि सिर्फ उनकी स्किन का रंग देखकर किसी डॉल्फिन की प्रजाति तय करना सही नहीं होगा। इसके लिए उनके शरीर की बनावट, आकार और दूसरी जैविक विशेषताओं की जांच जरूरी होती है।
क्या डॉल्फिन का रंग सच में गुलाबी हो सकता है?
डॉल्फिन की कुछ प्रजातियों का रंग गुलाबी हो सकता है। दक्षिण अमेरिका की नदियों में पाई जाने वाली अमेजन रिवर डॉल्फिन, जिसे ‘बोटो’ भी कहा जाता है, इसका सबसे बढ़िया एक्साम्प्ल है। आमतौर पर डॉल्फिन का रंग स्लेटी या ग्रे होता है, लेकिन अमेजन रिवर डॉल्फिन उम्र बढ़ने के साथ गुलाबी रंग की दिखाई देने लगती हैं।
उम्र से बदल सकता है रंग
अमेजन रिवर डॉल्फिन की त्वचा का रंग कई कारणों से प्रभावित होता है। इसमें उनकी उम्र, रक्त संचार, स्वास्थ्य और शरीर की बनावट जैसी चीजें शामिल हैं। इसलिए हर गुलाबी दिखने वाली डॉल्फिन को एक ही प्रजाति का मानना सही नहीं होगा।
ओमान में समुद्री जीवों की मौजूदगी आम
ओमान के समुद्र में डॉल्फिन समेत कई तरह के समुद्री जीव पाए जाते हैं। इसलिए कांताब बीच के आसपास डॉल्फिन का दिखाई देना असामान्य नहीं है। हालांकि, उनका इतना गहरा गुलाबी रंग लोगों के लिए जरूर हैरानी की बात है। इसी वजह से वायरल वीडियो ने समुद्री जीवन को लेकर लोगों की दिलचस्पी बढ़ा दी है।
पहचान होने तक बना रहेगा रहस्य
कांताब बीच पर दिखाई दी इन डॉल्फिन की असली प्रजाति और उनके गुलाबी रंग का कारण अभी रहस्य बना हुआ है। समुद्री जीवविज्ञानी या एक्सपर्ट्स जब तक इनकी पहचान नहीं करते, तब तक यह साफ नहीं कहा जा सकता कि ये डॉल्फिन वास्तव में किस प्रजाति की हैं और उनका रंग इतना गुलाबी क्यों दिखाई दे रहा है।
Read More:

