HomeBreaking Newsभारतीय नौसेना को 16 अक्टूबर को मिलेगा स्वदेशी जहाज ‘समर्थक’, निगरानी से...

भारतीय नौसेना को 16 अक्टूबर को मिलेगा स्वदेशी जहाज ‘समर्थक’, निगरानी से लेकर बचाव अभियान तक आएगा काम

भारतीय नौसेना की ताकत बढ़ाने की दिशा में स्वदेशी बहुउद्देशीय जहाज ‘समर्थक’ को 16 अक्टूबर 2026 को बेड़े में शामिल किया जाएगा। कर्नाटक के कारवार स्थित नौसेना बेस पर होने वाले समारोह में इसे नौसेना को सौंपा जाएगा। लार्सन एंड टुब्रो लिमिटेड ने केंद्र सरकार की ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत इस जहाज का निर्माण किया है। यह नौसेना के लिए तैयार किए जा रहे चार बहुउद्देशीय जहाजों में पहला है।

‘समर्थक’ को समुद्र में निगरानी और गश्त जैसे नियमित कार्यों के साथ कई अन्य जरूरतों को पूरा करने के लिहाज से तैयार किया गया है। यह आपदा के दौरान राहत एवं बचाव अभियानों में मदद कर सकेगा। इसके अलावा, मानवरहित ड्रोन और दूसरे उपकरणों को समुद्र में पहुंचाने तथा वहां तैनात करने में भी इसकी भूमिका होगी।

गश्त के साथ समुद्री उपकरणों की तैनाती में मदद

‘समर्थक’ का प्रमुख दायित्व समुद्री क्षेत्रों पर नजर रखना और गश्त करना होगा। इसके साथ ही जहाज छोटे स्तर के सुरक्षा अभियानों में भी इस्तेमाल किया जा सकेगा। हथियारों और अन्य सैन्य उपकरणों की जांच से जुड़े कार्यों में भी इसकी उपयोगिता होगी। इस जहाज की एक अहम भूमिका मानवरहित ड्रोन और दूसरे उपकरणों को समुद्र में ले जाकर निर्धारित स्थान पर तैनात करने की होगी। इससे नौसेना को समुद्र में विभिन्न तरह के अभियानों के लिए जरूरी उपकरणों की तैनाती में मदद मिल सकेगी। जहाज में स्वदेशी सेंसर, हथियार और इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम लगाए गए हैं, जिन्हें समुद्र की कठिन परिस्थितियों में काम करने के अनुरूप तैयार किया गया है।

आपदा और बचाव अभियानों में भी होगी भूमिका

समुद्र में किसी दुर्घटना या आपदा की स्थिति में ‘समर्थक’ राहत और बचाव कार्यों में सहयोग कर सकेगा। जरूरत पड़ने पर इसे सीमित चिकित्सा सुविधाओं वाले अस्पताल जहाज के रूप में भी इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके अलावा, समुद्र में फंसे या क्षतिग्रस्त जहाजों को निकालने से संबंधित अभियानों में भी इसकी मदद ली जा सकेगी। बहुउद्देशीय क्षमताओं के कारण यह जहाज केवल निगरानी और गश्त तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि नौसेना के विभिन्न परिचालन कार्यों में उपयोगी साबित हो सकता है।

हाथी का प्रतीक और विजय का संदेश

‘समर्थक’ के प्रतीक चिह्न में समुद्र की लहरों से उभरता भारतीय हाथी दर्शाया गया है। इसे शक्ति, समझदारी और फुर्ती का प्रतीक माना गया है। जहाज का ध्येय वाक्य ‘विजयार्थम् एकनिष्ठता’ है, जिसका अर्थ है ‘विजय ही हमारा एकमात्र लक्ष्य है।’ स्वदेशी तकनीक और बहुउद्देशीय क्षमताओं से लैस ‘समर्थक’ को भारतीय नौसेना के भावी बेड़े का अहम हिस्सा बनाने की योजना है।

Read More

‘डिग्री महज कागज नहीं, सपनों को…’ CM मान का छात्रों को खास संदेश

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular