Junior Hockey Teams: भारतीय हॉकी के लिए रविवार का दिन यादगार बन गया। चीन के मोकी में आयोजित जूनियर हॉकी एशिया कप में भारतीय पुरुष और महिला टीमों ने खिताब अपने नाम किया। पुरुष टीम ने फाइनल में दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराकर छठी बार ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। वहीं महिला टीम ने मेजबान चीन को 1-0 से मात देकर लगातार तीसरी बार खिताब जीता।
दोनों टीमों ने विश्व कप टिकट पक्का किया
एशिया कप में शानदार प्रदर्शन के साथ भारतीय पुरुष और महिला टीमों ने 2027 जूनियर हॉकी विश्व कप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया। दोनों टीमों की इस उपलब्धि ने भारतीय जूनियर हॉकी के लिए इस टूर्नामेंट को बेहद खास बना दिया।
दक्षिण कोरिया के खिलाफ चार गोल
अनमोल एक्का की कप्तानी में उतरी भारतीय पुरुष टीम ने फाइनल में शुरू से ही दक्षिण कोरिया पर दबाव बनाए रखा और चारों क्वार्टर में आक्रामक हॉकी खेली। भारत की ओर से अजीत यादव, अनमोल एक्का, प्रभदीप सिंह और आशु मौर्य ने गोल दागे। दक्षिण कोरिया की ओर से ली मिनह्योक ने एकमात्र गोल किया।
महिला टीम ने चीन को दी मात
महिला वर्ग के फाइनल में भारत और चीन के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। सानिका चंद्रकांत माने ने शुरुआती गोल कर भारत को बढ़त दिलाई। इसके बाद भारतीय डिफेंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चीन को वापसी का मौका नहीं दिया और भारत ने 1-0 से जीत दर्ज कर लगातार तीसरी बार ट्रॉफी अपने नाम की।
पीएम मोदी ने दी दोनों टीमों को बधाई
भारतीय पुरुष और महिला टीम की जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने लिखा, “भारतीय हॉकी के लिए गर्व का पल। शानदार प्रदर्शन के साथ एशिया कप का खिताब बरकरार रखने पर हमारी जूनियर महिला हॉकी टीम को बधाई। पुरुष जूनियर हाकी टीम को एशिया कप जीतने पर बधाई। यह वाकई एक उल्लेखनीय उपलब्धि है। यह कामयाबी हमारे युवा खिलाड़ियों के जबरदस्त हुनर को दिखाती है। पूरी टीम को बहुत-बहुत शुभकामनाएं।”
महिला टीम के खिताब
भारतीय महिला टीम ने जूनियर एशिया कप का खिताब 2023, 2024 और 2026 में जीता है। इस तरह 2026 की जीत के साथ टीम ने लगातार तीसरी बार यह उपलब्धि हासिल की।
पुरुष टीम की छठी खिताबी जीत
भारतीय पुरुष टीम ने जूनियर एशिया कप का खिताब 2004, 2008, 2015, 2023, 2024 और 2026 में जीता है। 2026 की जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट में अपनी छठी खिताबी सफलता दर्ज की।
अनमोल और सानिका का शानदार प्रदर्शन
17 गोल के साथ अनमोल एक्का पुरुष जूनियर एशिया कप के शीर्ष स्कोरर रहे। महिला वर्ग में सानिका चंद्रकांत माने ने 7 गोल किए और वह संयुक्त शीर्ष स्कोरर रहीं।
टूर्नामेंट में गोलों की बारिश
भारतीय महिला टीम ने सात मैचों में कुल 47 गोल किए और केवल तीन गोल खाए। वहीं पुरुष टीम ने छह मैचों में 46 गोल दागे, जबकि उसके खिलाफ आठ गोल हुए। ये आंकड़े दोनों टीमों के दमदार प्रदर्शन को दर्शाते हैं।
Read More:

