उत्तर प्रदेश एटीएस ने आतंकी संगठन अल कायदा इन द इंडियन सब-कॉन्टिनेंट (AQIS) से जुड़े 19 वर्षीय मोहम्मद नबील गिरफ्तार हुआ है। नबील आजमगढ़ के दीदारगंज थाना क्षेत्र के चितारा, महमूदपुर का निवासी है। ATS के मुताबिक, वह सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को आतंकी विचारधारा से जोड़ने और उन्हें ‘मुजाहिद’ बनने के लिए तैयार करने की कोशिश कर रहा था। जांच एजेंसी का दावा है कि नबील AQIS की विचारधारा से प्रभावित था।
WhatsApp ग्रुप में कोड वर्ड
ATS की जांच में सामने आया कि नबील ने WhatsApp पर ‘ला गालिब-इल्लल्लाह’ नाम से एक ग्रुप बनाया था। एजेंसी के अनुसार, इस ग्रुप में ‘जिहाद’, ‘चाकू’, ‘केमिकल’, ‘प्लान’, ‘ट्रिप’, ‘पेन’, ‘जूस’ और ‘प्रोजेक्ट’ जैसे शब्दों को कोड वर्ड के रूप में इस्तेमाल किया जाता था। ATS का कहना है कि ग्रुप में ‘जिहाद करने के 44 तरीके’ नाम की किताब भी साझा की गई थी, जिसे AQIS के पूर्व प्रमुख आतंकी मौलाना आसिम उमर से जोड़ा जाता है।
जांच एजेंसी ने ‘तीसरी जंग-ए-अजीम और दज्जाल’ नाम की किताब शेयर किए जाने का भी दावा किया है। नबील के मोबाइल से ‘Flames of War’ सहित दूसरे WhatsApp ग्रुपों से जुड़े होने की जानकारी मिलने की बात कही गई है। इनमें बांग्लादेश, म्यांमार और सऊदी अरब समेत कई देशों के लोगों के संपर्क में होने का दावा किया गया है।
पाकिस्तान-तुर्की में ट्रेनिंग की योजना का दावा
ATS के मुताबिक, नबील विदेश जाकर आतंकी ट्रेनिंग लेने की योजना बना रहा था। जांच में पाकिस्तान, तुर्की और बांग्लादेश में ट्रेनिंग लेने और बम बनाने की योजना से जुड़ी बातचीत मिलने का दावा किया गया है। एजेंसी के अनुसार, बम बनाने की विधि और पोटैशियम नाइट्रेट हासिल करने को लेकर भी बातचीत सामने आई है। ATS का आरोप है कि नबील अपने साथियों के साथ भारत में ‘गजवा-ए-हिंद’ की योजना पर काम कर रहा था। मामले में लखनऊ में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Read More

