दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने बड़ी मात्रा में बेहिसाब नकदी बरामद की है। सुरक्षा जांच के दौरान दो यात्रियों के सामान से कुल 68 लाख 53 हजार 500 रुपये मिले। दोनों यात्रियों को 20 अगस्त को रोका गया था। नकदी, सामान और यात्रा दस्तावेजों को आगे की जांच के लिए आयकर विभाग के अधिकारियों को सौंप दिया गया है।
शक के बाद शुरू हुई जांच
CISF के मुताबिक, सुरक्षा जांच के दौरान एक यात्री की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। रैंडम एक्स-बीआईएस जांच के दौरान उसके व्यवहार को देखकर अधिकारियों को संदेह हुआ। इसके बाद यात्री को विस्तृत जांच के लिए रोका गया। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई। फुटेज के जरिए उसके साथ यात्रा कर रहे दूसरे यात्री की भी पहचान की गई। इसके बाद दोनों यात्रियों के सामान की गहन जांच की गई।
सामान की तलाशी में मिली लाखों की नकदी
जांच के दौरान CISF कर्मियों को कुल 68,53,500 रुपये नकद मिले। अधिकारियों के मुताबिक, बरामद रकम का संतोषजनक दस्तावेजी आधार या स्रोत तत्काल स्पष्ट नहीं था। दोनों यात्रियों से जुड़ी नकदी और सामान को आगे की जांच के लिए आयकर विभाग को सौंप दिया गया है। आयकर अधिकारी अब यह पता लगाएंगे कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई और इसे किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था।
गुवाहाटी जा रहे थे दोनों यात्री
जानकारी के अनुसार, दोनों यात्री गुवाहाटी जा रहे थे और आगे उनकी यात्रा अगरतला के लिए होनी थी। CISF ने यात्रियों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। CISF ने इस कार्रवाई की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी साझा की। बल ने बताया कि सतर्क निगरानी, यात्रियों के व्यवहार के अवलोकन और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के आधार पर कार्रवाई को आगे बढ़ाया गया।
Read More
इस्लामाबाद की कार्रवाई के बाद भारत का जवाब, दिल्ली में पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर बुलडोजर एक्शन

