Ashok Lahiri New Vice-Chairman of NITI Aayog: पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच केंद्र सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए भारतीय जनता पार्टी के विधायक और वरिष्ठ अर्थशास्त्री अशोक कुमार लाहिड़ी को नीति आयोग का नया उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। वह मौजूदा उपाध्यक्ष सुमन बेरी की जगह लेंगे, जिन्होंने मई 2022 में यह पद संभाला था।
बंगाल चुनाव के बीच नए उपाध्यक्ष बने अशोक लाहिड़ी
लाहिड़ी की नियुक्ति ऐसे समय पर हुई है जब पश्चिम बंगाल में बीजेपी और ममता बनर्जी की अगुवाई वाली तृणमूल कांग्रेस के बीच कड़ा चुनावी मुकाबला चल रहा है। इस फैसले को राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है। अशोक लाहिड़ी फिलहाल पश्चिम बंगाल की बालुरघाट सीट से विधायक हैं। हालांकि, इस बार वह विधानसभा चुनाव नहीं लड़ रहे हैं। इसके बावजूद उनकी राजनीतिक और आर्थिक विशेषज्ञता को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अशोक लाहिड़ी का नाम जाने-माने अर्थशास्त्रियों में शामिल
अशोक लाहिड़ी का नाम देश के जाने-माने अर्थशास्त्रियों में शामिल है। वह भारत सरकार के 12वें मुख्य आर्थिक सलाहकार रह चुके हैं। उन्हें यह जिम्मेदारी दिसंबर 2002 में अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार के दौरान मिली थी और उन्होंने जून 2007 तक इस पद पर काम किया। इस दौरान उन्होंने मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली सरकार में भी अपनी सेवाएं जारी रखीं।
बेहद पढ़े-लिखे हैं अशोक लाहिड़ी
लाहिड़ी ने कोलकाता की प्रेसीडेंसी यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की है। इसके बाद उन्होंने दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स, एशियन डेवलपमेंट बैंक, बंधन बैंक और नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक फाइनेंस एंड पॉलिसी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में शिक्षण, शोध और नेतृत्व की भूमिका निभाई। इसके अलावा वह वर्ल्ड बैंक और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) जैसे वैश्विक संगठनों से भी जुड़े रहे हैं।
नीति आयोग में संभावित नया सदस्य
इस नियुक्ति के साथ ही एक और नाम चर्चा में है। वैज्ञानिक गोबरधन दास को नीति आयोग का नया सदस्य बनाया जा सकता है। वह इम्यूनोलॉजी के क्षेत्र के विशेषज्ञ हैं और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में काम कर चुके हैं। गोबरधन दास ने भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (IISER) भोपाल के निदेशक के रूप में भी काम किया है। उनका संबंध भी बीजेपी से रहा है और उन्होंने 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में पूरबस्थली उत्तर सीट से चुनाव लड़ा था, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
Read More:
कोहली और पडिक्कल की पारी के आगे फीका पड़ा साई सुदर्शन का शतक, RCB ने GT को 5 विकेट से रौंदा

