Rajasthan Murder Case: राजस्थान के धौलपुर जिले में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी को शक की वजह से मौत के घाट उतार दिया। घटना सैंपऊ थाना क्षेत्र के भूरा का पुरा गांव की है।
चरित्र पर शक ने ली पत्नी की जान
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी दिनेश कुशवाह को अपनी पत्नी मथुरा देवी के चरित्र पर लंबे समय से संदेह था। उसे शक था कि उसकी पत्नी के किसी अन्य युवक से अवैध संबंध हैं, जिसके चलते दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
पहले भी हो चुका था समझौता
परिवार के लोगों ने पहले भी दोनों के बीच हुए विवाद को सुलझाने की कोशिश की थी और समझाइश देकर मामला शांत करा दिया गया था, लेकिन तनाव लगातार बना हुआ था।
कहासुनी के बाद आरोपी ने ली जान
मृतका की छोटी बहन के मुताबिक, गुरुवार रात एक बार फिर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई। गुस्से में आकर आरोपी ने लोहे के सरिये और पत्थरों से हमला कर मथुरा देवी की बेरहमी से हत्या कर दी।
16 साल पहले हुई थी शादी
बताया जा रहा है कि मथुरा देवी की शादी करीब 16 साल पहले दिनेश के साथ हुई थी। उनके दो बेटे और एक बेटी हैं। दोनों बच्चे इस घटना के बाद सदमे में हैं।
मौके से फरार हुआ आरोपी
घटना की सूचना मिलने पर मृतका के मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे, जहां महिला का शव खून से लथपथ हालत में घर में पड़ा मिला। वारदात के बाद आरोपी और उसके परिजन मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही एफएसएल टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Read More:

