पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच एक राहत देने वाली खबर सामने आई है। ईरान ने साफ किया है कि लेबनान में लागू युद्धविराम के दौरान Strait of Hormuz से गुजरने वाले सभी वाणिज्यिक जहाजों की आवाजाही जारी रहेगी।
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए कहा कि युद्धविराम की अवधि में इस अहम समुद्री मार्ग को पूरी तरह खुला रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि यह फैसला क्षेत्रीय स्थिरता बनाए रखने और वैश्विक व्यापार पर किसी तरह का असर न पड़ने देने के उद्देश्य से लिया गया है।
तय मार्ग से ही गुजरेंगे जहाज
ईरान ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस रास्ते से गुजरने वाले सभी जहाजों को पहले से निर्धारित रूट का ही पालन करना होगा। यह मार्ग ईरान के पोर्ट्स एंड मैरीटाइम ऑर्गेनाइजेशन द्वारा तय किया गया है, ताकि जहाजों की सुरक्षित और व्यवस्थित आवाजाही सुनिश्चित की जा सके।
गौरतलब है कि होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री रास्तों में से एक है, जहां से वैश्विक तेल आपूर्ति का बड़ा हिस्सा गुजरता है। ऐसे में इसे खुला रखने का फैसला अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।