राजधानी दिल्ली(Delhi) में अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दो अलग-अलग मामलों में कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है-एक ओर ‘ठक-ठक गैंग’ के सक्रिय सदस्य पकड़े गए, तो दूसरी तरफ सैकड़ों महिलाओं को ठगी और ब्लैकमेल करने वाला आरोपी भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। दक्षिणी दिल्ली की एंटी-ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) ने 17 अप्रैल को गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया। ये आरोपी गाड़ियों के शीशे तोड़कर अंदर रखा सामान चुराने में माहिर थे।
सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर उमेश यादव की टीम ने पुष्पा भवन बस स्टैंड के पास जाल बिछाया और दोनों को चोरी के मोबाइल बेचते समय पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रहमत अली उर्फ सिब्बू (42) और हेमंत उर्फ बल्लू/कल्लू (35) के रूप में हुई है। दोनों पंजाबी बाग के रहने वाले हैं। इनके पास से 11 चोरी के मोबाइल फोन, एक पासपोर्ट, एक बैग और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद हुई है।
पहले से दर्ज हैं कई केस
पुलिस के अनुसार, सिब्बू पर 23 और हेमंत पर 16 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। जेल से छूटने के बाद दोनों फिर से चोरी की वारदातों में सक्रिय हो गए थे। इनकी गिरफ्तारी से संगम विहार, महरौली, साकेत और हौज खास जैसे कई इलाकों में हुई चोरी की करीब 16 घटनाओं का खुलासा हुआ है।
500 महिलाओं को ठगने वाला आरोपी भी पकड़ा गया
एक अलग कार्रवाई में दक्षिण-पश्चिम जिले की साइबर पुलिस ने आनंद कुमार नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर 500 से ज्यादा महिलाओं को ठग चुका था। पुलिस के मुताबिक, उसने करीब 2 करोड़ रुपये की ठगी की है। आनंद कुमार फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाकर खुद को डॉक्टर, बिजनेसमैन या फिल्म प्रोड्यूसर बताता था। वह महिलाओं को प्यार और शादी का झांसा देकर उनके करीब आता और बाद में ब्लैकमेल कर पैसे ऐंठता था। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों में आगे की जांच कर रही है और अन्य जुड़े लोगों की तलाश जारी है।