युगांडा के सेना प्रमुख मुहूजी काइनेरुगाबा(Uganda Army Chief) एक बार फिर अपने विवादित और हैरान करने वाले बयानों को लेकर चर्चा में हैं। इस बार उन्होंने तुर्की के सामने दो अनोखी मांगें रख दी हैं पहली, 1 अरब डॉलर की आर्थिक मदद और दूसरी, वहां की “सबसे खूबसूरत महिला” को अपनी पत्नी के रूप में देने की बात।
जनरल काइनेरुगाबा का कहना है कि युगांडा ने सोमालिया में इस्लामी आतंकी संगठन अल-शबाब के खिलाफ लंबे समय से सैन्य अभियान चलाया है, जबकि तुर्की वहां इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स से मुनाफा कमा रहा है। ऐसे में उन्होंने “सिक्योरिटी डिविडेंड” के तौर पर 1 अरब डॉलर की मांग की है।
निजी मांग ने बढ़ाया विवाद
आर्थिक मांग के साथ-साथ काइनेरुगाबा ने एक निजी और चौंकाने वाली इच्छा भी जाहिर की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि उन्हें तुर्की की सबसे खूबसूरत महिला को पत्नी के रूप में दिया जाए। इस बयान के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनकी कड़ी आलोचना हो रही है।
पहले भी दे चुके हैं अजीब प्रस्ताव
यह पहली बार नहीं है जब काइनेरुगाबा ने ऐसा विवादित बयान दिया हो। साल 2022 में उन्होंने जियोर्जिया मेलोनी से शादी के बदले 100 गायें देने का प्रस्ताव रखा था, जो उस समय भी काफी सुर्खियों में रहा था। युगांडा सेना प्रमुख ने तुर्की को 30 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो गंभीर कूटनीतिक कदम उठाए जाएंगे। इसमें कंपाला स्थित तुर्की दूतावास को बंद करने तक की बात कही गई है।
उन्होंने यह भी कहा कि तुर्की एयरलाइंस को युगांडा के हवाई क्षेत्र में उड़ान भरने से रोका जा सकता है और दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंध खत्म किए जा सकते हैं। गौरतलब है कि काइनेरुगाबा, युगांडा के राष्ट्रपति योवेरी मुसेवेनी के बेटे हैं और देश की सेना में शीर्ष पद पर हैं। उनके बयानों को अक्सर आधिकारिक नीति से अलग और व्यक्तिगत माना जाता है, लेकिन इससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विवाद जरूर खड़ा हो जाता है।
इजरायल को लेकर भी बयान
अपने पोस्ट में उन्होंने इजरायल के समर्थन का भी जिक्र किया और कहा कि जरूरत पड़ने पर वह 1 लाख युगांडा सैनिकों को “पवित्र भूमि” की रक्षा के लिए भेजने को तैयार हैं।
कुल मिलाकर, काइनेरुगाबा के इस बयान ने न सिर्फ कूटनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है, बल्कि उनके बयानों की गंभीरता और विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।