उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में साइबर अपराधियों ने ऑनलाइन ट्रेडिंग में बड़ा मुनाफा दिलाने का लालच देकर एक युवक से 1.02 करोड़ रुपये ठग लिए। घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के माधवनगर की है। पीड़ित अमित कुमार ने बताया कि दिसंबर 2025 के अंतिम सप्ताह में उन्हें एक फोन कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को शेयर बाजार से जुड़ा विशेषज्ञ बताते हुए ऑनलाइन निवेश से भारी कमाई कराने का भरोसा दिलाया।
व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए बनाया भरोसा
1 जनवरी 2026 को अमित को ‘फिसडम संस्थागत स्टॉक ट्रेडिंग’ नाम के व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया। इसके बाद उन्हें ‘अमित VIP एक्सक्लूसिव सर्विस टीम-15’ नाम के दूसरे ग्रुप में भी शामिल कर लिया गया। इन ग्रुपों में शेयर बाजार से संबंधित टिप्स, निवेश सलाह और मुनाफे के स्क्रीनशॉट साझा किए जाते थे, जिससे निवेशकों को भरोसा दिलाया जाता था कि ट्रेडिंग से अच्छा फायदा मिल रहा है।
फर्जी ट्रेडिंग ऐप से कराया निवेश
12 जनवरी को ग्रुप की एडमिन रक्षिता वेद ने अमित से निजी चैट में संपर्क किया और एक नए ट्रेडिंग ऐप के जरिए निवेश करने की सलाह दी। 21 जनवरी को भेजे गए लिंक के माध्यम से अमित ने ‘फिस्डपरो’ नाम का ऐप डाउनलोड कर उसमें पंजीकरण किया और ट्रेडिंग शुरू कर दी। शुरुआत में उन्होंने करीब 24,100 रुपये निकाल भी लिए, जिससे ऐप पर उनका भरोसा और बढ़ गया।
आईपीओ निवेश के नाम पर बढ़ती गई रकम
इसके बाद अमित ने धीरे-धीरे बड़ी रकम निवेश करनी शुरू कर दी। 21 जनवरी से 5 मार्च 2026 के बीच उन्होंने आरोपियों के विभिन्न बैंक खातों में कई बार पैसे ट्रांसफर किए। ठगों ने उन्हें आईपीओ में निवेश का झांसा दिया और करीब 35 लाख रुपये के शेयर अलॉट होने का दावा किया। जब अमित ने रकम निकालने की कोशिश की, तो उनसे 3.12 करोड़ रुपये शॉर्ट-टर्म टैक्स जमा करने की बात कही गई और 50 लाख रुपये और जमा करने का दबाव बनाया गया।
शक होने पर खुला फर्जीवाड़ा
जब ठगों द्वारा पीड़ित अमित से लगातार पैसे मांगे गए तो शक हुआ। जांच करने पर पता चला कि ठगों ने एक कंपनी के नाम और लोगो का इस्तेमाल कर नकली ट्रेडिंग ऐप तैयार किया था। पीड़ित ने अपने और अपने माता-पिता के खातों से कुल 1.02 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए थे।
पुलिस ने दर्ज किया केस
एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि 8 मार्च 2026 को पीड़ित की शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया है। साइबर क्राइम पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक या ऐप के जरिए निवेश करने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें, ताकि साइबर ठगी से बचा जा सके।
Read More

