उत्तर प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने और उद्योग लगाने की प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘निवेश मित्र 3.0’ पोर्टल लॉन्च किया। लखनऊ के लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में इसके साथ ‘प्लग-एंड-प्ले औद्योगिक शेड्स योजना’ और यूपी प्राइवेट बिजनेस पार्क डेवलपमेंट स्कीम की भी शुरुआत की गई। मुख्यमंत्री योगी ने इसे राज्य को 10 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में अहम कदम बताया।
एक ही प्लेटफॉर्म पर 200 सेवाएं उपलब्ध
निवेश मित्र 3.0 पोर्टल को पूरी तरह अपग्रेड किया गया है। अब इस सिंगल विंडो प्लेटफॉर्म पर 40 से ज्यादा विभागों की करीब 200 सेवाएं ऑनलाइन मिलेंगी। सेवाओं को पहले की तुलना में व्यवस्थित और सरल बनाया गया है, जिससे निवेशकों को कम समय में काम पूरा करने में सुविधा होगी।
AI चैटबॉट की सुविधा
नए पोर्टल में एआई आधारित चैटबॉट जोड़ा गया है, जो निवेशकों की समस्याओं का तुरंत समाधान करेगा। साथ ही आवेदन की स्थिति पर रियल-टाइम SMS अलर्ट भी मिलेगा। पोर्टल में GIS आधारित लैंड बैंक की सुविधा दी गई है, जिससे उद्योग लगाने के लिए जमीन ढूंढना आसान होगा।
आवेदन प्रक्रिया हुई आसान
सरकार ने आवेदन प्रक्रिया को पहले से ज्यादा आसान बनाया है। इसमें करीब 25% कम फील्ड, 15% कम दस्तावेज और 20% कम प्रक्रियात्मक चरण रखे गए हैं। इससे निवेशकों का समय बचेगा और उन्हें जल्दी मंजूरी मिल सकेगी।
‘प्लग-एंड-प्ले’ से तुरंत शुरू होगा उत्पादन
नई योजना के तहत निवेशकों को पहले से तैयार इंडस्ट्रियल शेड्स मिलेंगे, जिससे वे बिना देरी के उत्पादन शुरू कर सकेंगे। यह योजना पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर आधारित है। कार्यक्रम में इन्वेस्ट यूपी ने निजी कंपनियों के साथ एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट और स्किल कनेक्ट सेल के लिए समझौते किए। इसका उद्देश्य युवाओं को रोजगार से जोड़ना और उद्योगों की जरूरत के अनुसार कौशल विकसित करना है।
Read More
अब ऑनलाइन खाना मंगाना हुआ महंगा, स्विगी ने बढ़ाई प्लेटफॉर्म फीस, जोमैटो के बाद लिया गया फैसला…

