तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक माहौल गरम हो गया है। इसी बीच अभिनेता से नेता बने थलापति विजय ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि उनकी पार्टी तमिलगा वेट्री कजगम (TVK) राज्य की सभी 234 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी। इस फैसले को आक्रामक चुनावी रणनीति के रूप में देखा जा रहा है, जिससे राज्य की राजनीति में नई हलचल पैदा हो गई है।
मामल्लापुरम में उम्मीदवारों की होगी घोषणा
चुनाव प्रचार के तहत पार्टी 27 मार्च को मामल्लापुरम में एक बड़ी जनसभा आयोजित करेगी। इस दौरान थलापति विजय खुद मंच से उम्मीदवारों का परिचय कराएंगे और पार्टी के विजन व चुनावी रोडमैप को जनता के सामने रखेंगे। इसे TVK के चुनावी अभियान का अहम पड़ाव माना जा रहा है।
पेरम्बूर सीट से चुनाव लड़ सकते हैं थलापति विजय
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, थलापति विजय चेन्नई की पेरम्बूर सीट से चुनाव लड़ सकते हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। उनकी संभावित उम्मीदवारी को लेकर खासकर युवाओं और पहली बार वोट डालने वाले मतदाताओं में उत्साह देखा जा रहा है।
चेन्नई में कई रैलियों की तैयारी
28 मार्च से विजय चेन्नई के कई प्रमुख क्षेत्रों में चुनाव प्रचार करेंगे। इसमें पेरम्बूर, कोलाथुर, विल्लीवाक्कम, अन्ना नगर और विरुगंबक्कम जैसे इलाके शामिल हैं। प्रत्येक स्थान पर लगभग 3,000 लोगों की सभा की अनुमति दी गई है। चुनाव आयोग ने नियामक कारणों से 12 अतिरिक्त निर्वाचन क्षेत्रों में प्रचार कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी है। यह फैसला 2025 में करूर में विजय के एक कार्यक्रम के दौरान हुई भगदड़ की घटना के बाद सख्त किए गए नियमों के तहत लिया गया है। बता दें कि थलापति विजय और उनकी पार्टी की एंट्री से तमिलनाडु की राजनीति में नया समीकरण बनता दिख रहा है, जहां पहले से द्रविड़ दलों का वर्चस्व रहा है। अब चुनावी मुकाबले में TVK के आने से मुकाबल और कड़ा हो सकता है।
Read More
दिल्ली में अवैध प्रिंटिंग प्रेस का पर्दाफाश, 20 हजार से ज्यादा नकली किताबों समेत एक आरोपी गिरफ्तार

