Tamil Nadu CM Thalapathy Vijay Oath Taking Ceremony: फिल्मों से राजनीति में उतरे विजय थलापति आज सुबह 10 बजे तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। तमिलगा वेट्री कषगम (TVK) प्रमुख विजय के शपथ ग्रहण समारोह में लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी भी शामिल होंगे। तमिलनाडु की राजनीति में यह एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है, क्योंकि विजय 59 सालों के बाद राज्य के पहले गैर-द्रविड़ियन मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं।
चौथी मुलाकात के बाद राज्यपाल ने दी मंजूरी
सरकार गठन को लेकर पिछले एक हफ्ते से जारी सियासी हलचल शनिवार को खत्म हुई, जब विजय ने चौथी बार राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। इससे पहले जरुरी समर्थन पत्रों की कमी के कारण उन्हें दो बार निराशा हाथ लगी थी। आखिरकार सहयोगी दलों का समर्थन मिलने के बाद राज्यपाल ने उन्हें सरकार बनाने की अनुमति दे दी।
किन पार्टियों ने दिया विजय को समर्थन
टीवीके को सरकार बनाने के लिए कई छोटे दलों का समर्थन मिला है। कांग्रेस, सीपीआई, सीपीआई(एम), विदुथलाई चिरुथाइगल काची (VCK) और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) ने विजय को बिना शर्त समर्थन दिया है। इन दलों के समर्थन के बाद गठबंधन ने 234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया।
120 विधायकों के समर्थन का दावा
विजय ने टीवीके के बड़े नेताओं के साथ राज्यपाल को 120 विधायकों के समर्थन पत्र सौंपे हैं। विधानसभा चुनाव में टीवीके 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी, लेकिन बहुमत से 10 सीट पीछे रह गई थी। बाद में सहयोगी दलों के समर्थन से संख्या 120 तक पहुंच गई।
दो सीटों से जीते विजय
विजय ने इस विधानसभा चुनाव में दो सीटों से जीत दर्ज की है। नियमों के मुताबिक उन्हें एक सीट छोड़नी होगी, जिसके बाद टीवीके की संख्या 108 से घटकर 107 रह जाएगी। इसके बावजूद सहयोगी दलों के समर्थन के कारण सरकार पर कोई खतरा नहीं माना जा रहा है।
सहयोगी दलों की सीटों का क्या है गणित?
टीवीके के समर्थन में कांग्रेस के 5 विधायक हैं, जबकि सीपीआई, सीपीआई(एम), वीसीके और आईयूएमएल के 2-2 विधायक शामिल हैं। इन सभी को मिलाकर गठबंधन की कुल संख्या 120 तक पहुंच गई है, जो बहुमत के आंकड़े से ऊपर है।
मंत्रिमंडल को लेकर अभी भी सस्पेंस
हालांकि विजय आज अकेले मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे, लेकिन मंत्रिमंडल के आकार को लेकर अभी भी स्थिति साफ नहीं है। अब तक यह जानकारी सामने नहीं आई है कि उनके साथ कितने मंत्री शपथ लेंगे या किन दलों को कैबिनेट में जगह मिलेगी।
पार्टी मुख्यालय के बाहर जश्न
बहुमत मिलने की खबर सामने आते ही चेन्नई में टीवीके के मुख्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया। समर्थकों ने पटाखे फोड़े और विजय के समर्थन में नारे लगाए। तमिलनाडु की राजनीति में इसे एक नए दौर की शुरुआत माना जा रहा है।
Read More:

