ऊना-सहारनपुर रेल सेवा के हरिद्वार तक विस्तार को मंजूरी : केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने शुक्रवार को कहा कि रेल मंत्रालय ने ऊना-सहारनपुर रेल सेवा के हरिद्वार तक विस्तार को मंजूरी प्रदान कर दी।

ठाकुर ने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का धन्यवाद किया और कहा कि इससे क्षेत्रवासियों विशेषतौर पर हरिद्वार जाने वाले तीर्थयात्रियों को काफी लाभ मिलेगा।

ठाकुर ने एक बयान में कहा, ”हिमाचल के यात्रीगण ट्रेन से सीधा हरिद्वार तक जा सकें, इस सुविधा के लिए मैंने व्यक्तिगत रूप से रेलमंत्री से मिलकर अनुरोध किया था। मुझे यह बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि रेलमंत्री ने हरिद्वार तक रेल सेवा विस्तार को मंजूरी प्रदान कर दी है।”

ऊना, हिमाचल प्रदेश का एकमात्र जिला है, जो रेलवे की बड़ी लाइन से जुड़ा है।

हिमाचल प्रदेश में धान खरीद पिछले साल से बढ़कर 20,993 टन तक पहुंची

हिमाचल प्रदेश में धान की खरीद पिछले साल की खरीद को पार कर इस साल 20,993 टन तक पहुंच गई है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष 14,000 टन धान की खरीद की तुलना में चालू वर्ष (2023) में राज्य भर में स्थापित 14 मंडियों में 3,663 किसानों से लगभग 20,993 टन धान खरीदा गया है।

राज्य नागरिक एवं खाद्य आपूर्ति निगम के संयुक्त निदेशक रवींद्र ठाकुर ने बताया कि इस साल 22 हजार मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य रखा गया है और अब तक राज्य के किसान 45 करोड़ रुपये में 20,993 टन धान सरकार को बेच चुके हैं।

उन्होंने बताया कि सिरमौर जिले में 6,250 टन (62,500 क्विंटल) खरीद के लक्ष्य के मुकाबले राज्य नागरिक आपूर्ति निगम पहले ही लगभग 9,000 टन खरीद चुका है।

इस बार धान खरीद राज्य नागरिक एवं खाद्य आपूर्ति विभाग कर रहा है। पहले यह खरीद भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) द्वारा की जाती थी। राज्य में तीन अक्टूबर से खरीद शुरू हुई और अभी जारी है।