हिमाचल प्रदेश में धान खरीद पिछले साल से बढ़कर 20,993 टन तक पहुंची

हिमाचल प्रदेश में धान की खरीद पिछले साल की खरीद को पार कर इस साल 20,993 टन तक पहुंच गई है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष 14,000 टन धान की खरीद की तुलना में चालू वर्ष (2023) में राज्य भर में स्थापित 14 मंडियों में 3,663 किसानों से लगभग 20,993 टन धान खरीदा गया है।

राज्य नागरिक एवं खाद्य आपूर्ति निगम के संयुक्त निदेशक रवींद्र ठाकुर ने बताया कि इस साल 22 हजार मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य रखा गया है और अब तक राज्य के किसान 45 करोड़ रुपये में 20,993 टन धान सरकार को बेच चुके हैं।

उन्होंने बताया कि सिरमौर जिले में 6,250 टन (62,500 क्विंटल) खरीद के लक्ष्य के मुकाबले राज्य नागरिक आपूर्ति निगम पहले ही लगभग 9,000 टन खरीद चुका है।

इस बार धान खरीद राज्य नागरिक एवं खाद्य आपूर्ति विभाग कर रहा है। पहले यह खरीद भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) द्वारा की जाती थी। राज्य में तीन अक्टूबर से खरीद शुरू हुई और अभी जारी है।