हमीरपुर के लोगों ने मुझे हमेशा आशीर्वाद दिया है: अनुराग ठाकुर

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने शनिवार को कहा कि हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र के लोगों ने उन्हें हमेशा आशीर्वाद दिया है।

ठाकुर ने कहा, ‘‘हमने काम किया है और आगे भी करते रहेंगे।’’

उन्होंने भरोसा जताया कि क्षेत्र के लोग, विशेषकर महिलाएं इस बार ‘‘शत प्रतिशत’’ वोट डालेंगी।

ठाकुर ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थापना दिवस पर लोगों को बधाई देते हुए कहा कि भाजपा एक दूरदर्शी पार्टी है। उन्होंने कहा कि उनका मानना है कि उनकी पार्टी ने सभी निर्धारित लक्ष्य हासिल किए हैं, चाहे वह अनुच्छेद 370 को खत्म करना हो, तीन तलाक पर प्रतिबंध लगाना हो, नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) लाना हो या अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण करना हो।

उन्होंने बिलासपुर में पार्टी कार्यालय का उद्घाटन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा का मुख्य उद्देश्य गरीब लोगों के कल्याण के लिए काम करना, देश की अर्थव्यवस्था में सुधार करना और भारत को दुनिया के सबसे मजबूत देशों में से एक बनाना है।

उन्होंने ‘अब की बार 400 पार’ का नारा लगाते हुए लोगों से उन्हें वोट देने की स्थानीय बोली में अपील की।

उन्होंने आम जनता से अपील की कि वह कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के ‘‘बुरे मंसूबों’’ का शिकार न बने और चुनावों में उन्हें खारिज करे क्योंकि भाजपा ही वह दल है जो देश को सभी क्षेत्रों में आगे ले जा सकता है।

ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने लोगों को हमेशा बेवकूफ बनाया है लेकिन इस बार उनके नारे काम नहीं आएंगे।

उन्होंने बिलासपुर जिले में पार्टी बैठकों और स्थापना दिवस समारोहों की एक श्रृंखला के दौरान लोगों से देश को मजबूत बनाने और अपने कल्याण एवं खुशहाली के लिए भाजपा के पीछे एकजुट होने का आह्वान किया।

अनुराग ठाकुर ने संदेशखाली मुद्दे को लेकर पश्चिम बंगाल की टीएमसी सरकार को घेरा

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार पर निशाना साधते हुए उस पर संदेशखालि में निर्दोष लोगों को निशाना बनाने वाले गुंडों को नियंत्रित करने के लिए कुछ नहीं करने का आरोप लगाया है।

ठाकुर शुक्रवार रात भोटा में एक समारोह से इतर पत्रकारों से बात कर रहे थे।

उन्होंने कहा, “दुख की बात है कि पश्चिम बंगाल सरकार कुछ नहीं कर रही है… अगर एक महिला मुख्यमंत्री के शासन में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, तो राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठने लगते हैं।”

राज्य के उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखालि में कई महिलाओं ने टीएमसी के कद्दावर स्थानीय नेता शाहजहां शेख और उनके समर्थकों पर “जमीन हड़पने और यौन उत्पीड़न” का आरोप लगाया है, जिसके बाद भाजपा और तृणमूल कांग्रेस आरोप-प्रत्यारोप में लिप्त हैं।