दिल्ली पुलिस ने उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में हुए सनसनीखेज डबल मर्डर केस का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान दीपक बहादुर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नेपाल का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार आरोपी को उस वक्त दबोचा गया जब वह नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से मुंबई जाने के लिए ट्रेन पकड़ने की कोशिश कर रहा था।
ऐसे सामने आया था मामला
जानकारी के मुताबिक यह घटना 6 मार्च 2026 की है। तिलवाड़ा गांव के रहने वाले योगेंद्र लाल ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनके किरायेदार दीपक बहादुर कई दिनों से अपने कमरे से गायब है और कमरे से तेज दुर्गंध आ रही है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खोलकर जांच की। कमरे के अंदर एक महिला और उसकी 9 साल की बेटी के शव मिले, जिनकी मौत कई दिन पहले हो चुकी थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। शव मिलने के बाद से ही वह फरार था, जिससे पुलिस का शक और गहरा गया। इसके बाद उत्तराखंड पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
आजादपुर मंडी से मिली आरोपी की लोकेशन
जांच के दौरान तकनीकी निगरानी के जरिए पुलिस को आरोपी की लोकेशन दिल्ली के आजादपुर मंडी इलाके में मिली। इसके बाद उत्तराखंड पुलिस ने दिल्ली पुलिस के नॉर्थ-वेस्ट जिले की स्पेशल स्टाफ टीम से संपर्क किया।
दिल्ली पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और लगातार सर्च ऑपरेशन चलाकर आरोपी को आखिरकार नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने कबूला अपराध
पुलिस पूछताछ में दीपक बहादुर ने बताया कि उसकी महिला से पहचान फेसबुक के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वे साथ रहने लगे। हालांकि कुछ समय बाद उसे शक होने लगा कि महिला किसी और व्यक्ति के संपर्क में है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होने लगा।
आरोपी ने बताया कि गुस्से में आकर उसने महिला और उसकी 9 साल की बेटी की हत्या कर दी। गिरफ्तारी के बाद दिल्ली पुलिस ने आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उत्तराखंड के हवाले कर दिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।