Friday, February 20, 2026
HomeCurrent Newsरोशनआरा क्लब का LG वीके सक्सेना ने किया उद्घाटन, आम लोगों के...

रोशनआरा क्लब का LG वीके सक्सेना ने किया उद्घाटन, आम लोगों के लिए खुला रोशनआरा क्लब

ऐतिहासिक रोशनआरा क्लब को नया जीवन मिला है। DDA ने क्लब में यूरोपीय शैली के दरवाजे और खिड़कियां, मंगलौर टाइल वाली छतें और पुराने झूमर फिर से मूल शैली में लगा दिए हैं। अब यहां आने वाले दर्शकों को चार सितारा होटल जैसी सुविधाओं का एहसास होगा। उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने रविवार को क्लब के इस बदले हुए स्वरूप का उद्घाटन किया।

उपराज्यपाल की देखरेख में पुराने क्लब को नया रूप मिला है। उपराज्यपाल ने चांदनी चौक के सांसद प्रवीण खंडेलवाल, मॉडल टाउन के विधायक अशोक गोयल और DDA के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में क्लब को दिल्लीवासियों को सौंप दिया। 23.25 एकड़ में फैले इस क्लब को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) का जन्मस्थान माना जाता है और अब यह दिल्लीवासियों के लिए खेल, संस्कृति और विरासत का केंद्र बन गया है। क्लब में स्विमिंग पूल, जिम, स्क्वैश, बैडमिंटन कोर्ट, योगा, बिलियर्ड्स रूम, बच्चों के लिए खेल का मैदान, डाइनिंग रूम, बैंक्वेट और लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं हैं। बाहरी सुविधाओं में टेनिस कोर्ट, क्रिकेट मैदान, बास्केटबॉल ज़ोन और जॉगिंग पार्क भी शामिल हैं।

आधुनिक सुविधाएँ जोड़ी गईं

उपराज्यपाल ने कहा कि यह क्लब दिल्ली की विरासत का एक हिस्सा है। तीन वर्षों में उन्होंने कई ऐतिहासिक स्थलों का सौंदर्यीकरण किया है और यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। जनवरी 2023 में अपने पहले दौरे के दौरान, क्लब की जर्जर हालत को सुधारने की पहल की गई थी। इसके बाद, सितंबर 2023 में डीडीए ने क्लब का नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया और इसके सौंदर्यीकरण की योजना बनाई। क्लब के पुराने गौरव को बनाए रखते हुए इसमें आधुनिक सुविधाएँ जोड़ी गईं।

लौटेगा दिल्ली का भव्य स्वरूप

अतिक्रमण हटाने के बाद, DDA ने बिजली, सिविल और सौंदर्यीकरण के कार्यों को पूरा करके क्लब को एक नया रूप दिया। उपराज्यपाल ने कहा कि यह क्लब दिल्ली के लोगों को फिटनेस और मनोरंजन के साथ-साथ शहर की विरासत से भी जोड़ेगा। भविष्य में, DDA दिल्ली के अंदर ऐसी और परियोजनाओं के माध्यम से दिल्ली के भव्य स्वरूप को वापस लाएगा।

यहीं हुई थी BCCI की स्थापना

शाहजहाँ ने बेटी रोशनआरा बेगम के नाम पर 57 एकड़ में एक बगीचा तैयार करवाया था। ब्रिटिश काल में 1922 में इसी बगीचे के 23.25 एकड़ में रोशनआरा क्लब का गठन किया गया था। 1928 में यहाँ भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की स्थापना हुई थी। भारत और इंग्लैंड के बीच पहला अनौपचारिक टेस्ट मैच 1931 में यहीं खेला गया था। भारतीय क्रिकेट के इतिहास में इस जगह का बहुत महत्व है। यहाँ कई महत्वपूर्ण रणजी मैच हुए। मंसूर अली खान पटौदी, बिशन सिंह बेदी, मोहिंदर अमरनाथ, कपिल देव, वीरेंद्र सहवाग, विराट कोहली, गौतम गंभीर, ईशांत शर्मा, शिखर धवन जैसे क्रिकेटरों ने यहाँ मैच खेले। रोशनआरा क्लब एक बार फिर दिल्लीवासियों के लिए एक बेहतरीन डेस्टिनेशन बन गया है, जहाँ लोग बेहतरीन खाने और मेहमाननवाज़ी का लुत्फ़ उठा सकेंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments