हरियाणा के गुरुग्राम में बुधवार सुबह एक नामी स्कूल(Gurugram School) को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। गुरुग्राम स्थित पाथवेज वर्ल्ड स्कूलको यह धमकी उसकी आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजी गई थी। जैसे ही स्कूल प्रबंधन ने मेल देखी, तुरंत बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड मौके पर पहुंच गए। पूरे स्कूल परिसर को घेरकर क्लासरूम, लाइब्रेरी और अन्य हिस्सों की गहन तलाशी ली जा रही है। एहतियात के तौर पर स्कूल में बाहरी लोगों की एंट्री पर भी रोक लगा दी गई।
हरियाणा पुलिस ने दी जानकारी
हरियाणा पुलिस के अनुसार, यह ईमेल देर रात करीब डेढ़ बजे भेजी गई थी, जिसे सुबह करीब 8:30 बजे देखा गया। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई और करीब 8:45 बजे टीमें मौके पर पहुंच गईं। DLF फेज-1 थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि धमकी भरे मेल की जांच की जा रही है और इसकी उत्पत्ति का पता लगाने के लिए साइबर सेल भी सक्रिय कर दी गई है।
2 घंटे तक चला पुलिस का सर्च ऑपरेशन
करीब दो घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद सुबह 10:30 बजे छात्रों को छुट्टी दे दी गई। फिलहाल किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। इस स्कूल में करीब 2000 छात्र पढ़ते हैं। स्कूल प्रबंधन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और अफवाहों पर ध्यान न दें। जांच पूरी होने के बाद ही स्कूल को दोबारा खोला जाएगा।
गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में गुरुग्राम के कई स्कूलों को इस तरह की फर्जी धमकियां मिल चुकी हैं। हाल ही में हरियाणा के 20 स्कूलों को बम की धमकी देने के मामले में पुलिस ने एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया था। आरोपी की पहचान सौरभ विश्वास उर्फ माइकल (30) के रूप में हुई है, जो फर्जी दस्तावेजों के सहारे भारत में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक, उसने क्रिप्टोकरेंसी के बदले स्कूलों को धमकी भरे ईमेल भेजे थे।