प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 फरवरी 2026 को मेरठ दौरे पर रहेंगे। दोपहर करीब 12:30 बजे वे शताब्दी नगर नमो भारत स्टेशन से मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे और मेरठ साउथ स्टेशन तक यात्रा करेंगे। इसके बाद लगभग 1 बजे वे करीब 12,930 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।
82 Km लंबा दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर का उद्घाटन
प्रधानमंत्री मोदी 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। साथ ही, आरआरटीएस के शेष खंडों दिल्ली में सराय काले खान से न्यू अशोक नगर (5 किमी) और उत्तर प्रदेश में मेरठ साउथ से मोदीपुरम (21 किमी) का उद्घाटन भी किया जाएगा।
सराय काले खान बना मल्टी-मॉडल हब
कॉरिडोर का शुरुआती स्टेशन सराय काले खान एक प्रमुख मल्टी-मॉडल हब के रूप में विकसित किया गया है। यहां से हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन, दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन, वीर हकीकत राय आईएसबीटी और रिंग रोड तक सुगम कनेक्टिविटी मिलेगी। अन्य प्रमुख स्टेशन शताब्दी नगर, बेगमपुल और मोदीपुरम (मेरठ) में स्थित हैं।
मेरठ मेट्रो सेवा का होगा शुभारंभ
प्रधानमंत्री मोदी मेरठ साउथ से मोदीपुरम के बीच मेरठ मेट्रो सेवा का भी शुभारंभ करेंगे, जो नमो भारत के ही बुनियादी ढांचे पर संचालित होगी। मेरठ मेट्रो की अधिकतम गति 120 किमी प्रति घंटा होगी और यह पूरी दूरी लगभग 30 मिनट में तय करेगी।
भीड़ की समस्या होगी कम
नमो भारत और मेरठ मेट्रो का संचालन अंतर-शहरी और शहरी आवागमन को सुगम बनाएगा। इससे सड़क यातायात का दबाव कम होगा और कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में कमी आएगी।
Read More


