प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज (रविवार) दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ ‘नमो भारत’ कॉरिडोर के बाकी हिस्से और मेरठ मेट्रो का उद्घाटन किया। इसके उद्घाटन के साथ ही 82.15 किमी लंबा पूरा हाई-स्पीड कॉरिडोर जनता के लिए चालू हो गया है। बता दें कि अभी तक इस कॉरिडोर का 55 किमी का हिस्सा ही चालू था।
इससे पहले बीते शुक्रवार को मेरठ के बेगमपुल से सराय काले खां के बीच ‘नमो भारत ट्रेन’ व बेगमपुल से मेरठ साउथ के बीच मेट्रो ट्रेन का सफल ट्रायल किया गया था।

करीब 82.15 किलोमीटर (70 किमी एलिवेटेड और 12 किमी भूमिगत) लंबाई वाली ‘नमो भारत’ और मेरठ मेट्रो परियोजना लगभग 30,274 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुई है।

प्रदेश को नमो भारत और मेट्रो ट्रेन समर्पित करने के साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने स्कूली छात्र-छात्राएं और MBBS के छात्रों के साथ ट्रेन में सफर भी किया और उनसे बातचीत भी की।
उद्धाटन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी, प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के साथ कई अधिकारी मौजूद थे।
साथ ही इस दौरान दिल्ली के सराय काले खां नमो भारत स्टेशन पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना मौजूद रहे।
गौरतलब हो कि नमो भारत ट्रेन के इस हाई स्पीड कॉरिडोर के चालू हो जाने के बाद लगभग 82 किलोमीटर का सफर महज 50 से 55 मिनट में पूरा हो जाएगा।


