दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम, AQI भी ‘बहुत खराब’ श्रेणी में

दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम, AQI भी 'बहुत खराब' श्रेणी में

दिल्ली में मंगलवार सुबह मौसम काफी ठंडा रहा और न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम है।

मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि सुबह साढ़े आठ बजे आर्द्रता का स्तर 100 प्रतिशत रहा। राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को इस मौसम की सबसे ठंडी सुबह रही थी।

इस दिन न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। पिछले कई दिनों से राष्ट्रीय राजधानी में तापमान सामान्य से नीचे है।

विभाग ने बताया कि 12 से 17 दिसंबर के बीच न्यूनतम तापमान छह से आठ डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। मंगलवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 333 दर्ज किया गया, जो कि ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है।

शून्य और 50 के बीच एक एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 और 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 और 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।