AIMIM Mofakkarul Islam Arrested: पश्चिम बंगाल के मालदा में न्यायिक अधिकारियों को बंधक बनाने के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर चल रही जांच के बीच सीआईडी ने इस केस के कथित मास्टरमाइंड वकील मोफक्करुल इस्लाम को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को बागडोगरा एयरपोर्ट से उस समय पकड़ा गया, जब वह देश छोड़कर भागने की कोशिश कर रहा था।
लोगों को भड़काने का लगा आरोप
पुलिस के अनुसार, मोफक्करुल इस्लाम पर लोगों को उकसाकर न्यायिक अधिकारियों का घेराव कराने का आरोप है। नॉर्थ बंगाल के एडीजी जयरामन ने कहा कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या यह पूरी घटना पहले से योजनाबद्ध थी।
अधिकारियों को CAPF सुरक्षा
इस पूरे मामले में अब तक 35 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। घटना के बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी न्यायिक अधिकारियों को Central Armed Police Forces की सुरक्षा प्रदान की गई है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
NIA करेगी मामले की जांच
इलेक्शन कमीशन ने इस मामले की जांच NIA को सौंप दी है। यह फैसला सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद लिया गया। आयोग ने साफ किया है कि चुनाव प्रक्रिया में किसी भी तरह की बाधा या हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट सख्त
चुनाव आयोग के सचिव सुजीत कुमार मिश्रा ने एनआईए को पत्र लिखकर जांच शुरू करने को कहा है। सुप्रीम कोर्ट ने इस घटना का संज्ञान लेते हुए इसे गंभीर और अवमानना से जुड़ा मामला माना है। जानकारी के अनुसार, यह घटना बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे एक बीडीओ कार्यालय में हुई, जहां सात न्यायिक अधिकारी मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) के तहत सुनवाई कर रहे थे। इस मामले की अगली सुनवाई 6 अप्रैल को होगी, जिस पर पूरे देश की नजरें टिकी हैं।
Read More:

