कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया(Karnataka Government) ने शुक्रवार को राज्य का 2026-27 का बजट पेश करते हुए घोषणा की कि 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लगाने की योजना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मोबाइल और इंटरनेट के बढ़ते इस्तेमाल से बच्चों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है और इसे रोकने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है।
सिद्धारमैया ने बताया कि इस बैन का मकसद बच्चों की मानसिक और शारीरिक सेहत को सुरक्षित रखना है। उन्होंने आगे कहा कि आईआईएससी, ISRO और Keonics के सहयोग से बैंगलोर में रोबोटिक्स और AI इनोवेशन जोन स्थापित किया जाएगा। यह कैंपस भविष्य की तकनीकी शिक्षा और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए बनाया जा रहा है।
कर्नाटक सरकार की विकास रणनीति
सिद्धारमैया ने बताया कि कर्नाटक सरकार एक ऐसी विकास रणनीति अपना रही है जो वेलफेयर प्रोग्राम्स और इंफ्रास्ट्रक्चर निवेश के बीच संतुलन बनाए रखती है। इसके साथ ही उन्होंने केंद्र से राज्य की मांगों के प्रति संवेदनशीलता दिखाने की अपील की।
विकास के क्षेत्र में सबसे आगे कर्नाटक
मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्नाटक देश में विकास के क्षेत्र में सबसे आगे है और यह देश को टैक्स देने वाले शीर्ष राज्यों में शामिल है। उन्होंने यह भी जोर दिया कि राज्य की नीतियां लंबे समय तक आर्थिक सुधार और सतत विकास की दिशा में केंद्रित हैं। इस बजट में न केवल डिजिटल सुरक्षा और बच्चों की भलाई को महत्व दिया गया है, बल्कि तकनीकी नवाचार और इंफ्रास्ट्रक्चर निवेश के माध्यम से राज्य के दीर्घकालिक विकास पर भी ध्यान केंद्रित किया गया है।